पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हाई टेंशन लाइन हटाने के लिए लोगों ने किया जीएसएस का घेराव

हाई टेंशन लाइन हटाने के लिए लोगों ने किया जीएसएस का घेराव

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
श्रीगंगानगर| पुरानीआबादी इलाके में घरों के ऊपर से जा रही हाईटेंशन बिजली लाइनों को हटाने की मांग को लेकर इलाकावासियों ने बुधवार को पार्षद के नेतृत्व में ग्रिड सबस्टेशन (जीएसएस) का घेराव किया। अधिकारियों ने जब लाइनें हटवाने का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग वहां से हटे।

पुरानी आबादी वार्ड-4 में स्थित सुविधा केंद्र के अंदर विद्युत पोल लगा है। इससे गुजरने वाली विद्युत लाइनें आसपास स्थित मकानों की छत को छूती हुई जाती हैं। कई मकान ऐसे भी हैं, जिनके ऊपर से यह लाइनें होकर गुजरती हैं। इस कारण लोगों को आए दिन जानमाल के खतरे की आशंका बनी रहती थी। प्रभावित लोगों का कहना है कि बीते दिनों मोहनपुरा रोड स्थित एक गांव में ऐसे ही तारों के छू जाने से एक ग्रामीण की मौत हुई थी। लोगों का कहना है कि उन्होंने इस पोल और लाइन को स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन किया था, मगर काफी समय बीतने के बाद भी कोई स्थिति जस की तस है। इसी से नाराज इलाकावासी पार्षद आशा खटीक के नेतृत्व में पुरानी आबादी विद्युत सबस्टेशन पहुंचे और खंभा हटाने की मांग करने लगे। जेईएन ने उन्हें जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान सुभाष खटीक, कालू सोनी, नंदलाल लावा, रतनलाल शर्मा और अन्य लोग मौजूद थे। उधर जेईएन शिव प्रकाश का कहना है कि पोल हटाने के लिए प्रपोजल भेजा जा चुका है, जैसे ही स्वीकृति मिल जाएगी खंभे को स्थानांतरित करवा दिया जाएगा।