गंगानगर. स्वामी काॅलोनी,सदभावना नगर, महावीर कॉलोनी और आसपास की कई कालोनियों के 350 से ज्यादा घरों में 10 दिनों से पेयजल सप्लाई नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। खाली बाल्टियां और मटके लेकर लोग सद्भावनानगर स्थित पीएचईडी के पंपिंग स्टेशन पहुंचे, मगर वहां किसी अधिकारी के मिलने से सभी वापस लौट आए और फिर स्वामी कॉलोनी में प्रदर्शन किया।
लोगों का कहना था कि एक सप्ताह में उन्होंने कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को पानी आने की जानकारी दी, मगर विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों को पानी के टैंकर खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है।
इलाका निवासी महेश शर्मा ने बताया कि क्षेत्रीय जेईएन को इस समस्या के बारे में कई बार अवगत कराया जा चुका है। पानी सप्लाई होने से लोगों के रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं और इससे काफी दिक्कत रही हैं।
चंदा इकट्ठा करके मंगा रहे पानी
स्वामी कॉलोनी, सद्भभावना नगर और महावीर कॉलोनी सहित अन्य प्रभावित कॉलोनियों में लोग पिछले एक सप्ताह से चंदा एकत्र कर पानी के टैंकर मंगाकर काम चला रहे हैं। इलाकावासी विनोद कुमार ने बताया कि रोजाना टैंकर मंगाना पड़ता है। प्रति टैंकर सात सौ रुपए व्यय होते हैं।
चल रहा है वाटर लाइन बदलने का काम
सप्लाई प्रभावित होने की कोई जानकारी नहीं है। इलाके में वाटर लाइन बदलने का काम चल रहा था, इस कारण हो सकता है कि सप्लाई गड़बड़ा गई हो। जांच करवाकर सप्लाई दुरुस्त करा दी जाएगी। - केएसजोरा, सहायक अभियंता।