कलिंगा लांसर्स से ड्रॉ खेला दिल्ली ने
कलिंगा लांसर्स से ड्रॉ खेला दिल्ली ने
भुवनेश्वर| दिल्लीवेवराइडर्स ने हॉकी इंडिया लीग में 0-2 से पिछड़ने के बाद शानदार प्रदर्शन करते हुए कलिंगा लांसर्स को 2-2 की बराबरी पर रोक दिया। गुरुवार को खेले गए मैच में अंतिम पायदान पर चल रही कलिंगा ने शानदार शुरुआत की और लुकास विला ने तीसरे मिनट में गोल दाग टीम को शुरुआती बढ़त दिला दी। विकास शर्मा ने 20वें मिनट में गोल दागते हुए टीम को 2-0 से आगे कर दिया। दूसरे क्वार्टर में दिल्ली की टीम ने वापसी की और ड्रैग फ्लिकर एंड्रयू हैवार्ड ने 27वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर पहला गोल दागा। हालांकि दूसरे गोल के लिए उसे काफी इंतजार करना पड़ा और मैच खत्म होने से एक मिनट पहले तलविंदर सिंह ने गोल दाग दिल्ली को बराबरी दिलाई।
पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जयपुर ने जीते तीन स्वर्ण
अलवर| राज्यस्तरीय बैंच प्रेस पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में जयपुर ने तीन स्वर्ण सहित पांच पदक जीते। गुरुवार को यहां संपन्न इस प्रतियोगिता में जोधपुर की टीम पुरुष वर्ग में पहले स्थान पर रही, तो महिला वर्ग में श्रीगंगानगर ने बाजी मारी। पुरुषों के 74 किग्रा भार वर्ग में जयपुर के तिलक राज ने पहला स्थान हासिल किया, तो 105 किग्रा में जितेंद्र तोलानी दूसरे रहे। जयपुर के ही सीके चौधरी ने मास्टर्स मुकाबलों के 74 किग्रा में स्वर्ण जीता, तो 66 किग्रा में घनश्याम पहले रहे। महिलाओं के 47 किग्रा भार वर्ग में जयपुर की कविता दूसरे स्थान पर रहीं।