गंगानगर. जवाहरनगर में रविवार को दिन दिहाड़े मेडिकल स्टोर संचालक के घर में घुसकर एक महिला के मुंह पर कपड़ा बांधकर दो युवकों ने 30 तोला सोने के जेवर आठ हजार रुपए लूट लिए। घटना के समय घर में केवल दो महिलाएं थी।
घर में पहले से घुसे हुए लुटेरों ने मौका देखकर महिला के मुंह पर कपड़ा बांधा फिर नशीला पदार्थ सुंघाकर घर की अलमारियां खंगालीं। घर में मौजूद दूसरी महिला बीमार होने के कारण अन्य कमरे में सो रही थी। घटना की जानकारी मिलने पर जवाहरनगर पुलिस के साथ मौके पर पहुंची एएसपी राशि डोगरा ने लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने देर रात मामला दर्ज कर लिया।
सेक्टर 2 स्थित 2 बी निवासी अवतार सिंह टंडन मेडिकल स्टोर संचालक हैं। बेटा रिंकू शनिवार को अपनी पत्नी के साथ लुधियाना चला गया। दूसरे बेटे बबलू को दाेपहर 2 बजे किसी काम से बाहर जाना पड़ा। करीब ढाई बजे अवतार सिंह भी बाजार से सामान लाने चले गए। तब घर में केवल अवतार की बीमार बुजुर्ग मां जीतो देवी और 55 वर्षीय पत्नी सीतारानी उर्फ पप्पी रह गए।
पुलिस को दिए बयान में सीतारानी ने बताया कि शाम करीब चार बजे दो युवकों ने पीछे से आकर उन्हें पकड़ लिया और उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और फिर चुन्नी से बांध दिया। फिर नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया।
शाम 4:45 बजे अवतारसिंह बाजार से जब लौटे तो देखा कि प|ी बेहोश पड़ी थी जबकि अलमारियां खुली थी। तब उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद पीछे गली के एक घर में लगे कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही परिवार वालों अन्य लोगों से जानकारियां जुटाईं।
बहुओं के लौटने पर देंगे जेवरात की सूची
परिवार की महिलाओं के मुताबिक घर में सभी महिलाओं के करीब 30 तोला सोने जेवर थे आठ हजार रुपए कैश रखा था। वहीं अवतारसिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि लुटेरे उनकी प|ी की सात ग्राम की सोने की बालियां और चार हजार रुपए नकद लूट ले गए। शहर के बाहर गई बहुओं के लौटने के बाद बाकी जेवरातों की सूची वह पेश कर देगा। उनकी रिपोर्ट पर पुलिस ने देर रात 454, 382, 323 34 आईपीसी में मामला दर्ज किया है।