श्रीगंगानगर. रवि आचार्य की मौत से परिवार अभी संभल भी नहीं पाया था कि 15 माह की बेटी डिंपल स्वाइन फ्लू पॉजिटिव हो गई। इधर, जिला अस्पताल में उसे भर्ती कराए 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि उसकी मां शालिनी और डेढ़ साल के भतीजे रुद्र में भी स्वाइन फ्लू के लक्षण मिल गए। अब हाल यह है कि परिवार में एक की मौत हुई और तीन सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं।
स्वाइन फ्लू ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। परिवार को संभालने की जिम्मेदारी केवल रवि से एक साल छोटे भाई प्रवीण पर है। पिता जगदीश हालत देख कुछ करने की स्थिति में नहीं हैं। वहीं, छोटे-छोटे बच्चों भाभी शालिनी को रोते देख प्रवीण भी टूट जाता है।
बच्चों को देख वह कभी रोता तो कभी खुद को कसूरवार मानने लगता। इधर शालिनी भी रुद्र और डिंपल को उल्टियां करते देख बेसुध सी होने लगती हैं। लक्षणों को देखते हुए डॉ. पियूष ने रवि की पत्नी शालिनी और प्रवीण के डेढ़ साल के बेटे रुद्र का सैंपल लेकर स्वाइन फ्लू सेंटर में भर्ती किया गया। शनिवार को अस्पताल में स्वाइन फ्लू से मिलते जुलते लक्षणों वाले कई मरीज पहुंचे, जिसमें 9 का सैंपल लिया गया।
4मिले नए पॉजिटिव
लगातार बढ़ते खांसी जुकाम बुखार के मरीजों की तादाद से अब तक संभावित मरीजों का आंकड़ा 32 पहुंच गया है। वहीं, शनिवार को 4 नए पॉजिटिव मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
दवा की कमी, मंगाई गई 12900 टेबलेट्स
लगातार मरीजों के मिलने से जिले में बचाव की टेमीफ्लू की टेबलेट्स खत्म होने की कगार पर पहुंच गई। पूरे जिले के लिए ड्रग वेयर हाउस में शनिवार सुबह तक केवल 30 एमजी की 1100 टैबलेट्स, 75 एमजी की 50 और सीरप सिर्फ 45 शेष बची। वेयर हाउस इंचार्ज डॉ. पवन सैनी ने बताया कि शाम को 12900 टेबलेट्स और गई।