- Hindi News
- परीक्षा फार्म जमा करने के लिए अंतिम दिन शाम तक खुले रहे कॉलेज
परीक्षा फार्म जमा करने के लिए अंतिम दिन शाम तक खुले रहे कॉलेज
शहरभर के कॉलेजों में सोमवार को यूनिवर्सिटी के फार्म जमा कराने के लिए छात्रों की खासी भीड़ देखने को मिली। स्टूडेंट्स अपने फार्म जमा कराने के लिए दिन भर लाइन में खड़े नजर आए। वहीं कुछ छात्र छात्राएं ऐसे भी थे, जिन्होंने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करते समय फार्म में गल्तियां कर दी थी। इस कारण उन्हें दुबारा रजिस्ट्रेशन करना पड़ा, जिसके बाद उनका फार्म जमा हो सका। किसी स्टूडेंट का फार्म जमा होने से रह जाए इस कारण कुछ कॉलेजों में देर शाम तक स्टाफ की मौजूदगी में फार्म जमा होते रहे।
बीकानेर यूनिवर्सिटी द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष में दाखिला लेने के लिए सोमवार को अंतिम दिन था। सुबह आठ बजे से ही स्टूडेंट्स कॉलेजों में पहुंच गए और फार्म जमा कराने के लिए लाइनें लगा ली। रेगुलर और प्राइवेट स्टूडेंट एक साथ पहुंचने के कारण भीड़ काफी बढ़ गई, इस कारण कॉलेजों में अतिरिक्त खिड़कियां खोलकर फार्म जमा कराए गए। गोदारा कॉलेज में फार्म जमा करने के लिए तीन बजे तक का समय दिया गया था, मगर किसी छात्रा का फार्म रह जाए इस कारण शाम पांच बजे तक फार्म जमा होते रहे। अंबेडकर कॉलेज में छात्रों की संख्या बढ़ने के कारण एक अतिरिक्त विंडो शुरू करनी पड़ी।
फार्म में गलती, दुबारा कराना पड़ा रजिस्ट्रेशन
फार्मजमा करने से पहले इनकी जांच भी की जा रही थी कि फार्म जमा करते समय स्टूडेंट्स ने कोई गलती तो नहीं कर दी थी। इस दौरान कई फार्म ऐसे निकले जिनमें स्टूडेंट्स ने गलत इंट्री कर रखी थी। गोदारा कॉलेज में बीस से ज्यादा छात्राओं ने विषय कोड गलत भरे थे। इस कारण उन्हें दुबारा से ऑनलाइन फार्म भरना पड़ा, जिसके बाद उनके फार्म जमा हो सके। वहीं एक छात्रा जो पिछले साल फेल हो गई थी उसने दुबारा रेगुलर स्टूडेंट फार्म भर दिया, उसका फार्म वापस लौटा दिया गया। गोदारा कॉलेज के पीआरओ से मिली जानकारी के अनुसार फेल हुए छात्रों को यूनिवर्सिटी फार्म दुबारा जमा नहीं करवाना होता।
श्रीगंगानगर. एसडी कालेज में फार्म भरने के लिए छात्रों की लगी लंबी कतार।