पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • इंडेन गैस की शॉर्ट सप्लाई 20 दिन तक की वेटिंग

इंडेन गैस की शॉर्ट सप्लाई 20 दिन तक की वेटिंग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गंगानगर. सर्दी आने के साथ ही शहर में रसोई गैस का संकट शुरू हो गया है। रसोई गैस की सबसे ज्यादा किल्लत इंडियन ऑयल की गैस एजेंसियों पर है। इंडेन की शहर में दो गैस एजेंसियां हैं और दोनों जगह 8800 से ज्यादा उपभोक्ता सिलेंडर के लिए वेटिंग में हैं।
हालत यह है कि यह वेटिंग हर रोज बढ़ती जा रही है, लेकिन इस पर तो एजेंसियां कुछ कर रही हैं और ही रसद विभाग ने कोई कदम उठाए हैं। दोनों एजेंसियों पर अभी उपभोक्ताओं को 20 दिन बाद सप्लाई दी जा रही है।

जानकारी अनुसार इंडियन ऑयल की एजेंसियों पर गैस संकट करीब 20 दिन से बना हुआ है, लेकिन बीते एक सप्ताह में यह किल्लत बढ़ती जा रही है। सोमवार को भी शहर की इंडेन से जुड़ी दोनों गैस एजेंसियों होलसेल भंडार और शहीद नवपाल इंडेन गैस एजेंसी पर उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर आए, लेकिन उन्हें निराश लौटना पड़ा।
दोनों जगह एजेंसी संचालकों ने उन्हें सप्लाई नहीं होने की बात कहकर लौटा दिया। दूसरी ओर, हर रोज बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं की वेटिंग लिस्ट बढ़ती जा रही है। पांच दिन पहले सिलेंडर के लिए 8 हजार उपभोक्ताओं की वेटिंग लिस्ट थी, जो अब बढ़कर 8800 को पार कर गई है। इनमें अकेले भंडार के ही 5800 उपभोक्ता हैं। दूसरी ओर, शहीद नवपाल एजेंसी के तीन हजार उपभोक्ता सिलेंडर के लिए इंतजार कर रहे हैं।

तीन दिन से नहींं आया एक भी सिलेंडर

एजेंसियों की मानें तो पहले हर रोज सिलेंडरों के दो ट्रक आते थे। यानी हर रोज करीब 700 सिलेंडर उपभोक्ताओं को सप्लाई किए जाते थे। करीब तीन सप्ताह पहले एकाएक यह सप्लाई घटाकर एक ट्रक कर दी गई। अब तीन दिन से सिलेंडर का एक भी ट्रक नहीं आया है।

उपभोक्ताओं की शिकायत, जवाब ही नहीं देते संचालक

‘भास्कर’ने सोमवार को दोनों एजेंसियों पर गैस सप्लाई का हाल जाना। उपभोक्ताओं की शिकायत थी कि एजेंसी संचालक गैस सप्लाई नही दे रहे। फोन पर भी संतोषजनक जवाब नहीं देते। फोन कभी उठाते ही नहीं तो कभी कटे होने का संदेश आता है। टेंपो अथवा रिक्शा करके भी एजेंसी पर आएं तो यहां से उन्हें खाली हाथ लौटा दिया जाता है। यह तक नहीं बताया जाता कि सिलेंडर कब मिलेगा।

एचपी भारत गैस की सप्लाई नॉर्मल

दूसरी ओर एचपी भारत कंपनी से जुड़ी गैस एजेंसियों पर सप्लाई नॉर्मल है। एचपी एजेंसी से जुड़े संचालक पंकज नागपाल ने बताया कि बुकिंग के बाद 24 से 48 घंटे में उपभोक्ता के घर सिलेंडर सप्लाई दी जा रही है।