- Hindi News
- आदेश के बावजूद संविदाकर्मियों को नहीं मिल रहा बढ़ा हुआ वेतन
आदेश के बावजूद संविदाकर्मियों को नहीं मिल रहा बढ़ा हुआ वेतन
जिलाअस्पताल में पिछले दिनों आएमआरएस की बैठक में संविदा कर्मियों के वेतन बढ़ाने के मुद्दे पर कलेक्टर द्वारा आदेश करने के बावजूद कर्मियों को बढ़ा हुआ वेतन नहीं दिया जा रहा। वेतन विसंगतियों पर अस्पताल के 70 से 80 कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने पिछले दिनों प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को वेतन बढ़ाने की मांग की थी।
अस्पताल में विभिन्न विभागों में कार्यरत संविदा कर्मी को मौजूदा समय में 4400 रुपए बतौर वेतन दिया जा रहा है। जबकि श्रम कानून के मुताबिक वेतन 5500 रुपए होना चाहिए। अस्पताल में शुरुआत में लगाए जाने वाले करीब 80 संविदा कर्मियों के बाद लगाए गए कर्मियों के वेतन में काफी विसंगतियां हैं। इस कारण इन संविदा कर्मियों ने वेतन को मुद्दे को लेकर सरकार आपके द्वार के दौरान भी अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद साल में पहली बार हुई आरएमआरएस की बैठक में कलेक्टर के सामने भी इस मुद्दे को उठाया था। इस पर कलेक्टर ने वेतन बढ़ाने के आदेश दिए थे लेकिन वेतन नहीं बढ़ा तो पिछले दिनों कलेक्टर के दौरे के दौरान ज्ञापन सौंपा गया, फिर भी वेतन नहीं बढ़ा। निर्देश के 3 माह बाद भी वेतन बढ़ने पर संविदा कर्मी पीएमओ से मिले। पीएमओ ने उन्हें बताया कि वेतन बढ़़ाने के लिए फाइल कलेक्ट्रेट भेज दी गई है। लिखित रूप से आने के बाद ही वेतन बढ़ाया जाएगा।