विचार गोष्ठी में उठी टिकटों की मांग
पंडितदीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर गुरुवार को हुई भाजपा की विचार गोष्ठी में नगरपरिषद चुनाव लड़ने के दावेदार टिकट की मांग करने से नहीं चूके। वहीं, नेताओं ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी के साथ चुनाव का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ काम करने की नसीहत दी। मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष जयपुर के विधायक मोहनलाल गुप्ता ने कहा कि उपाध्याय ने मानववाद का संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने राष्ट्र सेवा के लिए स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया है।
नगरपरिषद चुनाव का जिक्र करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि निकाय चुनाव के लिए प्रभारी लगा दिए गए हैं। कार्यकर्ताओं को टिकट मिलने की स्थिति में अनुशासित सिपाही की तरफ पार्टी के लिए काम करना चाहिए।
पूर्व विधायक राधेश्याम गंगानगर ने कहा कि पार्टी सर्वे कराएगी। इसमें जो पार्टी के प्रति निष्ठावान और जिताऊ होगा, उसे ही वार्ड में चुनाव लड़ने का टिकट मिलेगा। सर्वे में पक्षपात नहीं होगा। राधेश्याम ने कहा कि भाजपा कैडर आधारित पार्टी बनती जा रही है। इसमें कार्यकर्ताओं को महत्व दिया जा रहा है। जिलाध्यक्ष अशोक नागपाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को पंडित दीनदयाल के आदर्शों को अपनाना चाहिए। नागपाल ने कहा कि श्रीगंगानगर में जो गलती विधानसभा चुनाव में हुई, इसका दोहराव नगरपरिषद चुनाव में नहीं होना चाहिए।
गोष्ठी को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रमेश राजपाल, मीडिया प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एडवोकेट प्रदीप धेरड़, विद्यासागर शर्मा, डॉ. ओपी गुप्ता, दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मुख्तयार सिंह, सभापति सीता सोनी आदि ने भी संबोधित किया। गोष्ठी में भाजपा नगर मंडल के महामंत्री आनंद शर्मा, वीरेंद्र राजपाल, पूर्व सभापति श्याम धारीवाल, उप जिला प्रमुख भगवानदास, जिला परिषद डायरेक्टर महेश बुडानिया आदि उपस्थित थे।
दावेदारसमर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए पहुंचे
गोष्ठीमें टिकट दावेदार समर्थकों के साथ झंडे बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए पहुंचे। ज्यादातर दावेदारों अपना बायोडाटा भी साथ लेकर आए। समर्थक बार-बार दावेदारों का नाम लेकर नारेबाजी करते रहे। तब उन्हें यह कहना पड़ा कि व्यक्ति विशेष की बजाय पार्टी के पक्ष में नारेबाजी करनी चाहिए।
श्रीगंगानगर. गौरव पैलेस में पं दीनदयाल जंयती समारोह में मौजूद भाजपा कार्यकर्ता।