कूलर से करंट लगने से विवाहिता की मौत
नगर संवाददाता| श्रीगंगानगर.
गुरुनानकबस्ती की एक विवाहिता की शनिवार दोपहर करंट लगने से मौत हो गई। घटना के समय घर में विवाहिता अकेली थी। पति, जेठ सास काम से बाहर गए हुए थे।
पति ऋषि की रिपोर्ट पर जवाहरनगर पुलिस ने मर्ग दर्ज की है। सूत्रों के अनुसार हनुमानगढ़ की रजनी का विवाह चार साल पहले गुरुनानक बस्ती में रहने वाले ऋषि से हुआ था। दोपहर में वह घर में टीवी की तार ठीक रही थी। इस दौरान पास में चल रहे कूलर के करंट की चपेट में आइ गई। करंट के झटके से विवाहिता चारपाई पर जा गिरी। थाेड़ी देर बाद जेठ ने आकर दरवाजा खटखटाया, जो काफी देर तक नहीं खुला। बाद में उसने पड़ोस की महिला को बुलाया। अंदर जाकर देखा तो रजनी बेहोश मिली। उसे तुरंत सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने विवाहिता को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर जवाहरनगर पुलिस हनुमानगढ़ से पीहर पक्ष के लोग हॉस्पिटल पहुंचे। हॉस्पिटल में मेडिकल बोर्ड की टीम ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।