डिग्गियों की सफाई के निर्देश
मौसमी बीमारियों से निपटने को कहा
जिलाकलेक्टर आरएस जाखड़ ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जलदाय विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्हें जिले में स्थित पानी की डिग्गियों की सफाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सफाई करने के लिए अगर एक दिन की पानी सप्लाई रोकनी पड़े तो भी काेई दिक्कत नहीं, मगर किसी भी हालत में लोगों तक अशुद्ध पानी की सप्लाई नहीं होनी चाहिए।
पिछले दिनों हुई बरसात के बाद जिले की कई पानी की डिग्गियों में बरसात का पानी भर गया था। ऐसे में सप्लाई में भी इसका असर दिख रहा है और कई जगहों से गंदे पानी की शिकायतें रही हैं। जिला प्रशासन ने पीएचईडी अधिकारियों की मीटिंग करके इनकी सफाई के निर्देश दिए। साथ ही एईएन और जेईएन काे यह निर्देश दिए कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर स्थिति जांचते रहें और अपनी उपस्थिती में पानी का क्लोरीनेशन करवाएं। इस बात का भी ध्यान रखें कि किसी भी सीडब्ल्यूआर का ढक्कन खुला रहे, क्योंकि इस कारण ही गंदा पानी डिग्गियों में चला जाता है। अगर किसी क्षेत्र में गंदे पानी की शिकायत है तो अधिकारी तुरंत उसकी जांच करवाएं और शिकायत को दूर करें। इस दौरान पीएचईडी के बीकानेर से आए अतिरिक्त सहायक मुख्य अभियंता सहित, एसई, एक्सईएन और जिले भर के अन्य अधिकारी मौजूद थे।