पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अव्यवस्थाओं से खिन्न एक और डॉक्टर का वीआरएस, जमकर निकाली भड़ास

अव्यवस्थाओं से खिन्न एक और डॉक्टर का वीआरएस, जमकर निकाली भड़ास

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
श्रीगंगानगर। लगातार डॉक्टरों की कमी झेल रहे जिला अस्पताल में एक और डॉक्टर कम हो गया। सरकारी अव्यवस्थाओं से परेशान जिला अस्पताल से फिजीशियन डॉ. पीयूष राजवंशी ने भी ‌वीआरएस ले लिया। उन्होंने 1 साल पहले सरकार से वीआरएस मांगा था।
सरकार ने उनके वीआरएस को रिफ्यूज कर दिया तो वे हाईकोर्ट चले गए। सोमवार को कोर्ट का फैसला आया। जाते समय जैसे ही मरीजों को उनके अस्पताल छोड़ने का पता चला मरीज, नर्सिंग स्टाफ सभी भावुक हो गए। गौरतलब है कि इससे पहले 31 जनवरी को ही शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश सरदाना भी अस्पताल छोड़ चुके हैं।

शाम को भास्कर से बातचीत के दौरान डॉ. राजवंशी ने सरकारी अव्यवस्थाओं के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि 24 साल के करियर में यही देखा कि गंगानगर के राजनेता हो या सरकार किसी ने भी अस्पताल में डॉक्टर लाने का प्रयास नहीं किया। लिहाजा एक के बाद एक डॉक्टरों ने वीआरएस लिया या खुद ही आना छोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि वे अस्पताल छोड़ना नहीं चाहते थे लेकिन तनाव इतना बढ़ गया कि प्रताड़ना तक पहुंच गया। डीडीसी, आईसीयू, मेडिसिन, एनसीडी, स्वाइन फ्लू वार्ड देखने के साथ ही पीएमओ का चार्ज और अस्पताल की कुछ घटनाओं की इन्क्वायरी भी थी।

55थे, अब बचे 42 डॉक्टर
जानकारों के अनुसार जिला अस्पताल में एक साल पहले तक 55 डॉक्टर थे, लेकिन एक साल के अंदर कुछ रिटायर हो गए तो कुछ छोड़कर चले गए। वहीं कुछ डॉक्टरों का ट्रांसफर हो गया। जिससे अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या लगातार घटते हुए अब 42 रह गई है।
इन्होंने छोड़ा अस्पताल
डॉ.आईपी पूनिया, डॉ. ममता गुप्ता, डॉ. अविनाश सरदाना, डॉ. सुभाष राजोतिया।

ये हैं लाइन में
डॉ.अनिल खुराना, डॉ. रवि भगत, डॉ. रविंद्र गोदारा, डॉ. केके जाखड़।

ये होंगे रिटायर
डॉ.रमेश शर्मा, डॉ. बीएम शर्मा।

ये हैं लंबी छुट्टी पर
डॉ.राजेश अरोड़ा, डॉ. वीना अरोड़ा, डॉ. मुकेश मेहता।

इन पर अतिरिक्त भार
डॉ.पीयूष के अस्पताल से जाने से अब डॉ. अनिल खुराना, प्रेम अरोड़ा और डॉ. रविंद्र गोदारा पर अतिरिक्त भार पड़ेगा। जिससे अस्पताल में मरीजों का इलाज प्रभावित होने की आशंका है।
डॉ. अविनाश सरदाना के बाद डॉ. पीयूष राजवंशी ने भी छोड़ी सर्विस।