पल्लू। मेगाहाईवे पर टोल प्लाजा के पास मंगलवार दोपहर तीन बजे गांव बोलांवाली (संगरिया) से डूंगरगढ़ जा रही बारातियों से भरी बस में अचानक आग लग गई। राहत की बात यह रही कि बस चालक फूसासिंह प्रजापत को घटना का पहले आभास हो गया और सभी सवारियों को आग लगने से पहले सुरक्षित बस से नीचे उतार लिया गया।
जानकारी के मुताबिक निजी ट्रेवल्स की एक बस नंबर आरजे 31 पीए 2461 बारात को लेकर डूंगरगढ़ की ओर जा रही थी। टोल प्लाजा के पास बस में एकाएक आग लग गई। घटना के समय बस में 55 लोग सवार थे। चालक की सूझबूझ से सभी सवारियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया और इन्हें दूसरे वाहन से रवाना किया गया।
क्या है ओवर रेस
ऑटो विशेषज्ञों के अनुसार वाहन ओवर रेस होने से उसमें स्पार्किंग होने लगती है। इंजन बंद नहीं होता। इससे आग लगने की आशंका बढ़ जाती है। स्पार्किंग से फैली चिंगारी जब डीजल की पाइपों से इंजन और डीजल टैंक तक पहुंचती है। इससे विस्फोट के साथ आग पूरी बस में फैल सकती है।
ओवररेस के खतरे को समय से पहले भांप लिया
बस चालक फूसासिंह ने बताया कि आग लगने से करीब डेढ़-दो मिनट पहले बस के अचानक ओवर रेस होने के कारण बस में आग लगने की आशंका हुई। उसने तत्काल बस को सड़क से उतार कर गेयर फ्री कर रोका। बारातियों को बस से नीचे उतरने को कहा।
इस बीच खुद बस का इंजन बंद करने का प्रयास करता रहा। बारातियों के उतरते ही बस के अगले हिस्से से आग की लपटें निकलनी शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि ड्राइवर से फैसला लेने में थोड़ी सी भी देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।