घड़साना। अपने आप को सीएमएचओ ड्रग अफसर बताकर मेडिकल स्टोर पर वसूली करने आए दो युवकों को गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार नरेश कुमार पुत्र सुलतानराम
सोनी मुकेश कुमार पुत्र रामदत्त शर्मा निवासी वार्ड दो रायसिंहनगर गुरुवार को कस्बे के तेजाजी मंदिर स्थित मेडिकल स्टोर पर आए तथा एक जने ने अपने आप को सीएमएचओ दूसरे ने ड्रग अफसर बताया।
इन्होंने मेडिकल स्टोर की फोटो खिंचते हुए रिकार्ड दिखाने को कहा। दोनों युवकों पर शक होने पर मेडिकल स्टोर संचालक मुकेश चिंडालिया ने पुलिस को सूचना दी। वहीं तब तक आस-पास के दुकानदार भी पहुंच गए। लोगों की भीड़ देखकर दोनों आरोपियों ने वहां से खिसकने की कोशिश की, लेकिन फर्जी अफसर का अंदेशा होने पर भीड़ ने दोनों को पकड़ लिया। तब तक मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को अपने आई कार्ड दिखाने को कहा।
आई कार्ड दिखाने पर तथा पुलिस ने गहनता से पूछताछ की तो आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। जिस पर पुलिस ने दोनों को धारा 151 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से मिली एक बाइक को कागजात के अभाव में सीज किया है।
- फर्जी सीएमएचओ ड्रग अफसर गिरफ्तार, अवैध वसूली के प्रयास में थे।
- मेडिकल स्टोर की फोटो खींचकर अवैध वसूली करने की कोशिश कर रहे थे, लोगों ने पुलिस को सौंपा।
(घड़साना. पुलिस थाना मे बैठे फर्जी सीएमएचओ ड्रंग्स अफसर।)