- Hindi News
- फर्जी चेक से छह लाख रुपए निकालने का प्रयास विफल
फर्जी चेक से छह लाख रुपए निकालने का प्रयास विफल
संगरिया| कस्बेमें भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से एक युवक ने फर्जी आईडी से एक दिन पहले खुलवाए बचत खाते से एक फर्म के नाम से फर्जी चेक जारी कर छह लाख रुपए निकालने का प्रयास किया। बैंक कर्मियों को संदेह हो जाने के कारण आरोपी फर्जीवाड़ा नहीं कर पाया। अब शाखा प्रबंधक ने युवक के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। जानकारी के अनुसार 25 सितंबर को बैंक में सुखविंद्र सिंह पुत्र हरदेव सिंह निवासी 274, प्राइमरी स्कूल के पास रतनपुरा ने बचत खाता खुलवाया। उक्त शख्स ने 26 सितंबर को श्री गणेश ट्रैडर्स फर्म सिरसा के मालिक से 24 सितंबर को हस्तारक्षित स्वयं के नाम से जारी छह लाख रुपए का चेक भुगतान के लिए संगरिया शाखा में पेश किया। बैंक कर्मियों को चेक फर्जी होने का संदेह हुआ। बैंककर्मियों ने कैश होने की बात कहकर युवक को दोपहर बाद राशि ले जाने के लिए कहा। महज एक दिन पहले खुले खाते में इतनी राशि का चेक आने के कारण बैंककर्मियों ने वेरीफिकेशन करना उचित समझा। बैंक कर्मियों ने सिरसा में चेक जारी करने वाली फर्म के मालिक से संपर्क किया। फर्म मालिक ने छह लाख का चेक जारी करने से इंकार कर दिया। इस पर बैंक कर्मी दंग रह गए फर्जी चेक पर हस्ताक्षर भी स्कैन किए हुए निकले हालंकि यह फर्म संचालक के हस्ताक्षरों की हू-ब-हू थे। बैंककर्मियों ने शाम को बैंक बंद होने तक युवक का इंतजार किया लेकिन वह राशि लेने के लिए दोबारा बैंक में नहीं आया। इसके बाद बैंककर्मियों ने उसकी आईडी की बारीकी से जांच की तो वह भी फर्जी निकली। देर शाम तक पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया था।