हनुमानगढ़। मतदाता सूची केप्रकाशन के साथ ही शनिवार को नगरपरिषद चुनाव की हलचल शुरू हो गई। सूचियों के प्रकाशन में निर्वाचन विभाग की लापरवाही से लोगों में आक्रोश है। किसी का नाम वोटर लिस्ट से गायब मिला तो किसी ने फार्म नहीं मिलने की शिकायत की। हैरानी की बात यह है कि कई वार्डाें में वोटर लिस्ट से एक-दो नहीं बल्कि पूरी गली के वोटरों के नाम ही सूची से गायब मिले। ऐसे में कई बूथों पर लोगों ने हंगामा किया। जनप्रतिनिधियों ने वार्ड सीमाकंन को गलत ठहराते हुए नगरपरिषद अधिकारियों पर सवाल उठाए हैं। वहीं अधिकारियों के मुताबिक नगरपरिषद चुनाव के लिए वोटर लिस्ट गत विधानसभा चुनाव की वोटर लिस्ट के अनुरूप तैयार की गई है।
इसमें नगरपरिषद द्वारा वार्ड की लोकेशन के हिसाब से सीमांकन किया गया और उसी की तर्ज पर मतदाता सूचियों का प्रकाशन किया गया है। टाउन में एनएमपीजी कॉलेज स्थित वार्ड नंबर 25 के बूथ पर मतदाता सूची देखने पहुंचे भाग संख्या 53 के कई वोटरों के नाम सूची में नहीं मिले। ऐसे लोेगों ने बूथ पर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। आमीन खांन, ओमप्रकाश, सतीश कुमार, हंसराज, संजय शर्मा आदि ने आरोप लगाया कि पिछले लोकसभा विधानसभा चुनाव में भाग संख्या 141,जिसे अब नगरपरिषद ने चुनाव में भाग संख्या 53 कर दिया गया है। इसमें पिछले पांच वर्षाें में तो एक वोट बढ़ा और ही कम हुआ। बीएलओ की लापरवाही से बार-बार आवेदन के बाद भी लोगों के वोट नहीं बने। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
वहीं वार्ड संख्या 26 के बूथ पर भी कई लोग मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर भटकते नजर आए। अंबेडकर कॉलोनी में भाग संख्या 130,131 144 पर लोगों ने फार्म नहीं मिलने पर रोष जताया। विमला देवी, हरीश कुमार, मोहनलाल आदि ने आरोप लगाया कि बूथ पर फार्म नहीं मिलने के कारण नए वोट मतदाता सूची में कटे वोट जुड़वाने के लिए आवेदन करने में लोगों को परेशानी हुई। वहीं जंक्शन के वार्ड नंबर 42 में आने वाले पुलिस लाइन ग्रेफ एरिया के अनेक वोट वार्ड नंबर 41 की मतदाता सूची में जुड़ने का मामला सामने आया। इस पर लोगों ने बूथ पर प्रदर्शन किया। टाउन-जंक्शन के विभिन्न बूथों पर ऐसी ही अव्यवस्थाओं से लोग जूझते रहे।
नगरपरिषद चुनाव की स्थिति
कुलवार्ड 45
जनसंख्या 150, 958
पोलिंग बूथ 98
क्षेत्रफल वर्ग किमी 13.42
21 तक चलेगा अभियान : नगरपरिषदचुनाव को लेकर 13 से 21 सितंबर तक विशेष अभियान चलेगा। इसमें 14 21 सितंबर को सभी पोलिंग बूथों पर बीएलओ बैठेंगे और लोगों के वोट बनाने के लिए आवेदन लेंगे। 14 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। चुनाव नवंबर माह में संभावित हैं।
''नगरपरिषद की ओर से सीमांकन सही नहीं किया गया है। इससे कई वार्डों के वोट दूसरे वार्डाें की सूचियों में चले गए हैं। वार्ड नंबर 42 में दो सौ से अधिक वोट वार्ड नंबर 41 में चले गए हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।'' - राजेंद्र चौधरी, पूर्व पार्षद।
मतदाता सूची प्रकाशन में त्रुटियों के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। वार्ड नंबर 25 में गली नंबर 18 के सभी वाशिंदों के वोट सूची से गायब हैं। इस भाग संख्या में अनेकों परिवार वोट से वंचित हैं। बार-बार आवेदन के बाद भी कई लोगों के पूरे परिवार के ही वोट नहीं बने हैं।
आमीनखां, नागरिक,वार्ड नंबर 25: ''गत विधानसभा चुनाव की वोटर लिस्ट के अनुरूप वार्ड सीमाकंन के आधार पर मतदाता सूची प्रकाशन किया गया है। अगर कहीं त्रुटि हुई है तो इसमें अनिवार्य रूप से सुधार किया जाएगा। मतदाता सूचियों का प्रकाशन इसलिए किया है कि लोग अपने वोट देख लें।
अगर सूची में नहीं है तो नाम जुड़वा लें। इस चुनाव में वेबसाइट पर वोट देखने की सुविधा नहीं है। 14 से 21 सितबंर की अवधि में लोग संबंधित बीएलओ के अलावा एसडीएम कार्यालय में भी वोट बनाने का अावेदन कर सकते हैं। होशियार सिंह,एसडीएम,हनुमानगढ़।
''वार्ड सीमाकंन में नगरपरिषद प्रशासन की ओर से लापरवाही की गई है। वहीं नए बीएलओ को संबंधित क्षेत्र की पूरी जानकारी नहीं होना भी समस्या का कारण है। बूथ पर फार्म नहीं मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।''- सुरेंद्र बेनीवाल, संयोजक,नागरिकसंघर्ष समिति,हनुमानगढ़
इसलिए रही है ज्यादा दिक्कत : नगरपरिषद चुनाव को लेकर बीएलओ बदले जाने से लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है। नए बीएलओ को संबंधित वार्ड की पूरी जानकारी नहीं होना भी मुख्य कारण है। कई वार्डाें में सीमाकंन के दौरान त्रुटि के चलते लोगों के नाम एक से दूसरे वार्ड की मतदाता सूची में चले गए हैं। इससे संबंधित वार्ड के लोगों के नाम ढूंढने पर भी नहीं मिल रहे।
विधानसभा चुनाव की वोटर लिस्ट में जिसका नाम था उसका अब नगरपरिषद की वोटर लिस्ट में नाम नहीं मिल रहा। ऐसे में लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधानसभा लोकसभा चुनाव में संबंधित मतदाता अपना नाम वोटर लिस्ट में है या नहीं, यह निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर देख सकता था। लेकिन नगरपरिषद चुनाव को लेकर यह व्यवस्था नहीं की गई है। इसलिए संबंधित व्यक्ति को बूथ या बीएलओ के पास जाना पड़ रहा है।
नगर परिषद हनुमानगढ़ : सूची में नाम नहीं होने पर लोगों का बूथों पर हंगामा। जनप्रतिनिधियों ने लगाया वार्ड सीमांकन में लापरवाही का आरोप, बूथों पर नहीं मिले फार्म।
(हनुमानगढ़. टाउन स्थित एनएम लॉ कॉलेज में चस्पा की गई मतदाता सूचियों में नाम होने पर विरोध जताते लोग।)