हनुमानगढ़। विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर कार्य कर रही झोरड़ खाप ने कन्या भ्रूण हत्या करने वालों का सामाजिक बहिष्कार करने का फैसला लिया है। जिले के गांव कुलचंद्र में हुई बैठक में खारा, साहरणी, सालीवाला सहित आधा दर्जन से भी अधिक गांवों के लोगों ने शपथ ली कि इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
बैठक की अध्यक्षता झोरड़ खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद झोरड़ ने की। राष्ट्रीय अध्यक्ष झोरड़ ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या एक सामाजिक कलंक है। उन्होंने कहा कि इस झोरड़ खाप से संबंधित गांव कुलचंद्र से नवनिर्वाचित महिला सरपंच प्रियंका झोरड़ ने भी घटते लिंगानुपात पर चिंता जाहिर की।
खारा से महिला सरपंच सुदेश झोरड़ ने कहा कि जब तक हम मिलकर कन्या भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराध के खिलाफ खड़े नहीं होंगे, तब तक इसे नहीं रोका जा सकता। गांव सालीवाला से सरपंच विद्या देवी झोरड़ ने कहा कि अगर सरकार घटते लिंगानुपात पर वास्तव में गंभीर है तो अल्ट्रासाउंड पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना चाहिए।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि कन्या भ्रूण हत्या करने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। सुभाष झोरड़, सुरेश झोरड़, एडवोकेट शिव झोरड़, रविंद झोरड़, विनोद झोरड़, मदन झोरड़ तथा पूर्व सरपंच पृथ्वी झोरड़ आदि मौजूद थे।