- Hindi News
- कला दीर्घा की तरह सजा जिले का एक और पुस्तकालय
कला दीर्घा की तरह सजा जिले का एक और पुस्तकालय
जिलेका एक और पुस्तकालय अब कला दीर्घा की तरह नजर आने लगा है। टाउन स्थित प्रेम नगर में स्थित सर आइजक न्यूटन पुस्तकालय एवं वाचनालय में भी विश्व के महान वैज्ञानिकों की प्रतिमाएं बनाई गई हैं। गौरतलब है कि इससे पहले जंक्शन स्थित जॉन मिल्टन लाइब्रेरी में साहित्यकारों की मूर्तियां बनाई गई थी। नए रूप में नजर आई सर आइजेक न्यूटन लाइब्रेरी का लोकार्पण रविवार को जल संसाधन मंत्री डॉ. रामप्रताप ने किया। इस अवसर पर डॉ. रामप्रताप ने आइजक न्यूटन पुस्तकालय की प्रशंसा करने के साथ साथ जिला कलेक्टर पीसी किशन द्वारा जिले में विभिन्न पुस्तकालय खोलने के कार्य को मील का पत्थर बताया।
डॉ. रामप्रताप ने कहा कि कच्ची बस्तियों में खोले गए पुस्तकालय बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र साबित होंगे।
पुस्तकालय खोलने में सहयोग करने पर डॉ. रामप्रताप ने कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद आयुक्त श्रवण बिश्नोई को सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर पीसी किशन, नगर परिषद के पूर्व सभापति अमरसिंह राठौड़, केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक मोहम्मद लतीफ के अलावा बड़ी संख्या बच्चे और उनके अभिभावक मौजूद थे। मंच संचालन युवा कवि राजू सारसर राज ने किया।
हनुमानगढ़. टाउन प्रेम नगर में लाइब्रेरी के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अवलोकन करते केबिनेट मंत्री डॉ. रामप्रताप