- Hindi News
- फाइनेंसरों से परेशान होकर बुजुर्ग ने की आत्महत्या
फाइनेंसरों से परेशान होकर बुजुर्ग ने की आत्महत्या
हनुमानगढ़| टाउनमें संगम मैरिज पैलेस के पास रविवार अलसुबह एक बुजुर्ग ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के पास मिले सुसाइड नोट में फाइनेंसरों द्वारा मानसिक रूप से परेशान किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस आत्महत्या दुष्प्रेरणा के आरोप में मामला दर्ज कर जांच कर रही है। वार्ड नंबर 28 निवासी इशाक पुत्र जाफर मोहम्मद ने पुलिस को बताया कि अलसुबह किसी समय उसके पिता जाफर मोहम्मद(60) ने घर के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को उतारकर घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इस दौरान पुलिस को मृतक के पास दो पेज पर लिखा सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें मृतक ने लिखा है कि उसने फाइनेंसर मुरलीधर चाचाण वगैरहा से रुपए फाइनेंस पर लिए थे। रकम किस्तों में चुकाने के बाद भी फाइनेंसरों की आेर से गारंटी तौर पर दिए गए चेक वापिस नहीं लौटाए गए। इसके बाद उससे और रूपयों की मांग कर तंग परेशान किया जाने लगा। इससे वह मानसिक परेशानी में अपनी ईहलीला समाप्त कर रहा है। पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद कर लिया पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच एएसआई नारायणसिंह को सौंपी गई है। जांच अधिकारी ने बताया कि सुसाइड नोट पर मृतक के हस्ताक्षर नहीं है। फिल्हाल पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इसी आधार पर आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।