गलती प्रगणकों की, खामियाजा भुगत रहे लोग
मतदातासूचियों के प्रकाशन में गलतियों से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का अारोप है कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदकों को दस रुपए के स्टांप पेपर पर शपथ पत्र देने के लिए बाध्य किया जा रहा है, जबकि गलती प्रगणक की है। उनकी गलती के कारण उन्हें बेवजह खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। वोट कटने की आशंक के चलते जनप्रतिनिधि सक्रिय हो गए हैं और त्रुटियों में सुधार की मांग कर रहे हैं। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर मतदाता सूचियों में गड़बड़ी की जांच कराए जाने की मांग की है। नवबंर में संभावित चुनाव को लेकर 13 सितंबर को मतदाता सूचियों का प्रकाशन किया गया। सूचियों के प्रकाशन में त्रुटियों के चलते किसी का नाम वोटर लिस्ट से गायब मिला तो किसी का वोट दूसरे वार्ड में शामिल हो गया। इससे शहर के सभी 45 वार्डाें में ऐसी स्थिति से परेशान लोगों ने बूथों पर हंगामा कर रोष जताया था। मगर अभी तक लोगों को कोई राहत नहीं मिली है। इसके चलते लोग संबंधित प्रगणक एसडीएम कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।