- Hindi News
- पुलिस ने अब मांगे आरोपी डॉक्टर से ट्रीटमेंट दस्तावेज
पुलिस ने अब मांगे आरोपी डॉक्टर से ट्रीटमेंट दस्तावेज
पैरमें फ्रैक्चर नहीं होने के बाद भी रॉड डालने के मामले में पुलिस ने अब डॉक्टर प्रदीप सहारण को लिखित तहरीर देकर मरीज का रिकार्ड दो दिन में उपलब्ध कराने को कहा गया है।
पीड़ित का आरोप है कि पुलिस डॉक्टर का बचाव करने में जुटी है। पीड़ित और उसके परिजन शुक्रवार दोपहर को एसपी कार्यालय पहुंचे। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने ट्रीटमेंट संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए थे। आठ दिसंबर को मेडिकल बोर्ड ने पुलिस को पीड़ित के ट्रीटमेंट दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा था। ऐसे में अब पुलिस ने डॉक्टर से रिपोर्ट सहित सभी दस्तावेज मांगे हैं।
गौरतलब है कि चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने पीड़ित जावेद पुत्र शाकिर अली के मेडिकल मुआयने की रिपोर्ट गुरुवार को पुलिस को सौंप दी थी। इस रिपोर्ट में बिना फ्रैक्चर के ही मरीज के पैर में स्टील की रॉड डाले जाने का खुलासा हुआ था। पीड़ित के मेडिकल मुआयने के दौरान लिए गए चारों एक्सरे में उसके पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि नहीं हुई। ऐसे में यह मामला चिकित्सा जगत के साथ आमजन में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। न्याय की गुहार के साथ पीड़ित और उसके परिजनों की निगाह अब पुलिस कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। टाउन पुलिस ने 18 नवंबर को इस संबंध में कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज किया था।
जावेद अली का कहना है कि पुलिस मामले में डॉक्टर का बचाव कर रही है। ऐसे डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। अगर निष्पक्ष जांच नहीं की गई तो पुलिस के उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर न्याय की गुहार लगाऊंगा।
मेडिकल बोर्ड की मांग पर डॉक्टर प्रदीप सहारण को मरीज बैड एक्टीविटी सहित डायग्नोज संबंधी पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध कराने को कहा गया है। इस संबंध में लिखित तहरीर के साथ दो दिन का समय दिया गया है। रिकार्ड आने के बाद मेडिकल बोर्ड को सौंपा जाएगा। निष्कर्ष के साथ रिपोर्ट आने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। अरविंदबेरड, थानाधिकारी,टाउन