- Hindi News
- वार्ड समस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
वार्ड समस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कस्बेके वार्ड 11 की विभिन्न समस्याओं को लेकर वार्डवासियों ने पार्षद मनीराम नायक के नेतृत्व में ज्ञापन एसडीएम हर्षवर्धनसिंह राठौड़ को सौंपा। मनीराम नायक ने एसडीएम को बताया कि नगरपालिका प्रशासन ने 2009 में नीलामी में भूंखडों को बिना मौका स्थिति की जांच किए बिना ही बेचान कर दिया जबकि नीलामी में विक्रय किए गए भूखंडों में लोग पूर्व में ही कई वर्षों से रह रहे हैं। नायक ने बताया कि 20 अक्तूबर 2014 की पालिका बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव नंबर सात में यह निर्णय लिया गया था कि एक कमेटी गठित कर रिपोर्ट कर खाली जगह को भूखंड क्रेता को दे दी जाए तथा कब्जे वाली भूमि को नगरपालिका राशि रिफंड करेगी। इसके बावजूद नगरपालिका प्रशासन द्वारा निर्णय के विरुद्ध उक्त परिवारों को हटाने के नोटिस दिए जा रहे हैं। पार्षद ने बताया कि उनके वार्ड में कचरे के ढेर लगे हुए हैं। निर्माण कार्यों में भी गुणवत्ता का कोई विशेष ध्यान नहीं रखा जा रहा है। ज्ञापन सौंपने गए प्रतिनिधिमंडल में वार्ड विकास संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष काला सिंह, बनवारीलाल, राम चंद्र, सुखीराम, लालचंद आदि शामिल थे।