(संगरिया. सरकारी अस्पताल में भर्ती अनशनकारी छात्राएं।)
संगरिया। मीरा कॉलेज के सरकारीकरण की मांग को लेकर अनशन पर बैठी चार छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस ने उन्हें शाम सात बजे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। कॉलेज परिसर में बैठे सभी 13 अनशनकारियों का शुक्रवार शाम को मेडिकल चेकअप किया गया। डॉ. नवनीत शर्मा डॉ. बलवंत गुप्ता ने चार छात्राओं सीमा छाबड़ा, गीतिका शर्मा, पूनम कुमारी सिमरण कौर को तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाने की सलाह दी। छात्राएं इसके लिए तैयार नहीं हुई तो आंदोलन में साथ दे रहे प्रो. ओम जांगू, पूर्व पालिकाध्यक्ष अशोक चौधरी, छात्र नेता महेंद्र शर्मा और वेदप्रकाश मरेजा के अलावा डीएसपी आरडी स्वामी सीआई विजयकुमार मीणा की समझाइश पर छात्राओं ने ड्रिप लगाने की सहमति दी लेकिन साथ ही यह भी कहा कि वे मुंह से कोई दवाई नहीं लेंगी और अनशन जारी रहेगा। डॉ. बलवंत गुप्ता ने बताया कि बाकी नौ अनशनकारियों का वजन भी कम पाया गया है और स्वास्थ्य में गिरावट के संकेत हैं।
मीरा कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष सीमा छाबड़ा ने बताया कि 13 दिसंबर को भाजपा सरकार का एक साल पूरा होने पर जश्न मनाएगी लेकिन संगरिया में प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होगा।
डटे रहे अनशनकारी : 13अनशनकारी शुक्रवार को पांचवें दिन भी अनशन पर डटे रहे। गौरतलब है कि मीरा कॉलेज की छात्र संघ अध्यक्ष सीमा छाबड़ा, गितिका शर्मा, सिमरन, पूनम कुमारी कॉलेज कर्मचारी प्रो. कृष्णा जैन, ललिता शर्मा, अनिलकुमार जैन, भागवंती स्वामी, मनबहादुर, सीताराम, शीला देवी संजय आर्य अनशन पर बैठे हैं।
इन्होंने दिया समर्थन : सीटू के राजेश कुमार, तोला-धानका यूनियन के लालचंद खटक, पूर्व पलिकाध्यक्ष अशोक चौधरी, डॉ. हरमेंद्र गर्चा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष बलवीर सिहाग, संजय कुमार, गुरलाभ मान, पार्षद रामचंद्र, पेंशनर समाज के अध्यक्ष रामावतार वर्मा, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मोतीलाल कंदोई, प्रो. आईजी पूनियां, श्री सनातन धर्म अरोड़वंश सभा यूथ विंग संरक्षक वेदप्रकाश मरेजा, सुनील मोंगा, गुलशन नागपाल, साधु सिंह, प्रवक्ता अमरनाथ पेंटर आदि ने आंदोलन को समर्थन दिया है।
सीएम के पुतले की शवयात्रा निकाली
संगरिया| मीराकॉलेज का सरकारीकरण रद्द करने के विरोध में जारी आंदोलन उग्र रूप धारण करता जा रहा है। शुक्रवार को कॉलेज के विद्यार्थियों और शहर के लोगों ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। एक साल पूरा होने का जश्न मना रही प्रदेश सरकार के प्रति लोगों में इस कदर रोष है कि समाज के रीति-रिवाजों के अनुसार शवयात्रा निकाली गई और पुतला दहन शहर की श्मशान भूमि रामबाग में किया गया।
इससे पूर्व बड़ी संख्या में विद्यार्थी और नागरिक मीरा कॉलेज में इकट्ठे हुए। उन्होंने सरकार की शव यात्रा की तैयारी की। छात्राओं ने सरकार के विऱुद्ध गुस्सा जताया। इसके उपरांत सभी शव यात्रा में भाग लेते हुए शहर के मेन बाजार, तहबाजारी, गांधी चौक, अग्रसेन मार्किट, कोर्ट रोड, हास्पिटल रोड से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। एसडीएम कार्यालय के सामने हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार में अच्छे दिन तो नहीं आए बल्कि सब उल्टा हो रहा है। पांच दिन से बेटियां सस्ती शिक्षा की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर हैं और सरकार जश्न मना रही है।
लोगों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। उसके बाद सभी लोग प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए श्मशान भूमि पहुंचे। छात्राओं ने पुतले पर सरकार का स्यापा डालते हुए कड़ा रोष जताया इसके बाद छात्र-छात्राओं ने शमशान भूमि में जाकर सरकार के पुतले का दहन किया।
इस मौके पर प्रो. ओम जांगू, नवीन सेठी, प्रेम भारद्वाज, इंद्रपाल बेनीवाल, मीरा कॉलेज की छात्र संघ अध्यक्ष सीमा छाबड़ा, एसएफआई के जिला महासचिव महेंद्र शर्मा, गौरव जैन, हरिकृष्ण राहड़ आदि मौजूद थे। उधर, व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएसपी आरडी स्वामी, थानाधिकारी विजयसिंह मीणा और पुलिस जाब्ता भी मौके पर तैनात रहा।