पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पीलीबंगा में बंदूकधारियों ने शोरूम से सात लाख की ज्वैलरी लूटी

पीलीबंगा में बंदूकधारियों ने शोरूम से सात लाख की ज्वैलरी लूटी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(पीलीबंगा. घटना के बाद शोरूम के बाहर जमा भीड़।)
पीलीबंगा। इनोवा गाड़ी पर सवार होकर आए बंदूकधारी युवक गुरुवार शाम एक ज्वैलरी शो-रूम से लाखों रुपए के आभूषण लूट ले गए। जानकारी के अनुसार, तीन बत्ती चौक के पास बैंक रोड स्थित ज्वैलरी शो-रूम किशनलाल ज्वैलर्स पर लुटेरे हरियाणा नंबर की इनोवा गाड़ी पर सवार होकर आए और शो-रूम पर बैठे मालिक मनोज सोनी पर बंदूक तानकर उसके काउंटर तिजोरी में सात लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात 10 हजार रुपए नकदी लूटकर फरार हो गए। शाम सवा चार बजे हुई इस वारदात को लेकर शहर के व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों ने शुक्रवार को पीलीबंगा बाजार बंद करने का आह्वान किया है। लुटेरों की संख्या तीन से पांच के बीच बताई जा रही है।


लूट की सूचना से मचा हड़कंप : लूट की सूचना से कस्बे में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी लूणाराम के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस ने शो रूम के संचालक मनोज को साथ लेकर लुटेरों के भागने की दिशा में काफी दूर तक उनका पीछा भी किया परंतु लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा। घटनास्थल पर कुछ ही देरी में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। पुलिस ने आसपास स्थित बैंकों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखकर भी लुटेरों के बारे में पता लगाने की कोशिश की परंतु कोई सफलता हाथ नहीं लगी। थाना प्रभारी ने बताया कि लुटेरों को पकड़ने के लिए श्रीगंगानगर हनुमानगढ़ जिले के सभी थानों में सूचित कर नाकाबंदी करवाई है।
गाड़ी स्टार्ट रखे था साथी

गाड़ी स्टार्ट रही, बंदूकों के साथ आए थे बदमाश: प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, शाम सवा चार बजे ज्वैलर्स के यहां कुछ ग्राहक थे। इस बीच शो-रूम के बाहर एक इनोवा गाड़ी आकर रुकी। इनमें से तीन जने शो-रूम में घुसे। लुटेरे इतने शातिर थे कि वे जाते वक्त शो-रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी उखाड़कर ले गए। शो-रूम में घुसे लुटेरों में से दो के पास बंदूकें थीं। माना जा रहा है कि लूट के दौरान शोरूम के बाहर इनोवा में उनके साथी थे। इस दौरान गाड़ी स्टार्ट रही और लूट की वारदात करते ही फरार हो गए।
यह लूटा
-150ग्राम सोना
- 7 किलो चांदी
- 10 हजार नकद
-1 मोबाइल फोन
शाम 4:15 बजे की वारदात | हरियाणा नंबर की इनोवा में सवार होकर आए थे लुटेरे।
- सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़ ले गए ।
- विरोध में पीलीबंगा बाजार आज बंद।