हनुमानगढ़। स्पिनिंग मिल बचाओ संघर्ष समिति की बैठक बुधवार को मिल गेट पर हुई। इसमें 12 फरवरी को कलेक्ट्रेट पर प्रस्तावित महापड़ाव में अधिकाधिक लोगों से पहुंचने का आह्वान किया गया। इसमें पंचायत समिति प्रधान जयदेव भिड़ासरा ने कहा कि महापड़ाव को सफल बनाने के लिए संघर्ष समिति के सदस्य जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर रहे हैं।
प्रधान ने आश्वासन दिया कि स्पिनिंग मिल को शुरू करवाने की मांग को लेकर पंचायत समिति सरपंचों, डायरेक्टरों के साथ- साथ ग्रामीण भी शामिल होंगे। यह महापड़ाव मिल श्रमिकों के आंदोलन की दिशा तय करेगा। इस मौके पर कांग्रेस नेता सौरभ राठौड़, गुरदीपसिंह चहल, उपप्रधान अमरसिंह सिहाग, महावीर सिंह राठौड़, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष नरेशसिंह, प्रमेंद्र सिहाग, मूलचंद चौधरी, भागीरथ डूडी, मुलखराज शर्मा, रोहित स्वामी आदि मौजूद थे।