पालिका बजट बैठक में पार्षदों ने बिगड़ी सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
भास्कर संवाददाता. पीलीबंगा.
नगरपालिकाका आगामी वित्तिय वर्ष के लिए 45 करोड़ रुपए का बजट गुरुवार को पालिका मंडल की बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया। पालिकाध्यक्ष राजकुमार फंडा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पूरे सदन ने एकजुट होकर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नगर के विकास के लिए बजट को एक स्वर में से पारित कर दिया गया। पालिकाध्यक्ष राजकुमार फंडा ने बताया कि पालिका क्षेत्र के सभी 25 वार्डों में इस बजट से समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे।
इससे पूर्व मंडल की हुई साधारण सभा में कस्बे की बिगड़ी सफाई व्यवस्था का मुद्दा छाया रहा। सभी पार्षदों ने एकजुट होकर सफाई व्यवस्था के प्रति रोष प्रकट करते हुए इसमें अति शीघ्र आमूलचूल परिवर्तन करने की बात कही। इसके अलावा विभिन्न निर्माण कार्यों की समयावधि बढ़ाने का निर्णय लेते हुए कार्यस्थल परिवर्तित करने के मुद्दे पर चर्चा हुई। जिसमें पार्षद गुलाब बंसल ने कार्यस्थल परिवर्तित करने पर भेदभावपूर्ण कार्य होने की बात कहते हुए इस प्रस्ताव का विरोध किया। जिस पर कार्यस्थल परिवर्तित नहीं करने का निर्णय लिया गया। बैठक में ईओ पवन कुमार चौधरी, पालिका उपाध्यक्ष जगदीशचंद्र सोनी प्रतिपक्ष नेता अरविंद जोशी सहित पालिका बोर्ड के सभी पार्षद मौजूद रहे।
पीलीबंगा . बैठक में मुद्दों को लेकर चर्चा करते प्रतिपक्ष नेता अरविंद जोशी।