- Hindi News
- हनुमानगढ़ श्रीगंगानगर में रिटायरिंग रूम की होगी ऑनलाइन बुकिंग
हनुमानगढ़ श्रीगंगानगर में रिटायरिंग रूम की होगी ऑनलाइन बुकिंग
बीकानेरमंडल के दस स्टेशनों पर बने एसी नॉन रिटायरिंग रूम सितंबर के अंतिम सप्ताह से ऑनलाइन बुक करवाए जा सकेंगे। रेलवे की नई सुविधा का लाभ श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सूरतगढ़ समेत दस स्टेशनों पर यात्रियों को मिल सकेगा। हालांकि उक्त तीन स्टेशनों पर अभी एसी रिटायरिंग रूम की सुविधा नहीं है। उम्मीद जताई जा रही है कि रेलवे यह सुविधा जल्द ही यात्रियों को संबंधित स्टेशनों पर मुहैया करवा देगा। इससे रेलवे की आय में बढ़ोतरी होगी। यात्रियों को स्टेशन पर पहुंचने के बाद होटल के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। बीकानेर स्टेशन पर यह सुविधा पहले ही शुरू हो चुकी है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने बीकानेर मंडल के दस महत्वपूर्ण स्टेशनों पर यह सुविधा शुरू करने के लिए आईआरसीटीसी से करार किया है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर यात्री रिटायरिंग रूम बुक करवा सकेगा। सुविधा को लागू करने के लिए रेलवे कर्मचारियों को दिल्ली में ट्रेनिंग दिलवाई जानी शुरू कर दी गई है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सूरतगढ़ के अलावा, लालगढ़, सिरसा, हिसार, लुहारू, चूरू, सादुलपुर रतनगढ़ के स्टेशनों पर भी यात्रियों को रिटायरिंग रूम अॉनलाइन बुक करवाने की सुविधा मिल सकेगी।
बुकिंगके लिए चाहिए ये सब : रिटायरिंगरूम बुक करवाने के लिए किसी भी रेल यात्री के पास सुरक्षित रेल टिकट अपनी आईडी होना जरूरी है। यात्री आरक्षित टिकट के पीएनआर नंबर आईडी प्रूफ की डिटेल के जरिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर रिटायरिंग रूम बुक करवा सकता है।
^बीकानेर मंडल ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ समेत दस स्टेशनों पर रिटायरिंग रूम ऑनलाइन बुक करवाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उम्मीद है 24-25 सितंबर को रेल मंत्री ऑल इंडिया लेवल पर इस नई सुविधा का शुभारंभ करेंगे। इसी महीने के आखिरी सप्ताह तक यात्रियों को यह सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
रजनीशकुमार, सीनियरडीसीएम, बीकानेर मंडल।