- Hindi News
- ग्रामीण क्षेत्र में माह में दो की बजाय एक बार हो रही है गैस सिलेंडरों की सप्लाई
ग्रामीण क्षेत्र में माह में दो की बजाय एक बार हो रही है गैस सिलेंडरों की सप्लाई
पीलीबंगास्थित इंडेन गैस एजेंसी संचालकों की मनमर्जी रसद विभाग की लापरवाही के चलते ग्रामीण क्षेत्र में इन दिनों गैस सिलेंडरों की किल्लत बनी हुई है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी संचालक मनमाफिक ढंग से गांवों में सिलेंडरों की सप्लाई कर रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी संचालक विवाह-शादियों में बेरोक-टोक घरेलू सिलेंडर की सप्लाई दे रहे हैं। नियमानुसार ग्रामीण क्षेत्र में महीने में दो बार गैस सिलेंडरों की सप्लाई होनी चाहिए, जबकि गांवों में ऐसा नहीं हो रहा। ग्रामीण क्षेत्र में लंबे समय से महज एक बार सप्लाई दी जा रही है। ऐसे में उपभोक्ता सिलेंडर के लिए दर-दर भटक रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस बार क्षेत्र में नरमा-कपास की बिजाई कम हुई है। इस वजह से घरों में जलाऊ लकडिय़ों की किल्लत होने से सिलेंडरों से काम चलाया जा रहा है। ग्रामीण उपभोक्ताओं ने इस संबंध में कलेक्टर से मिलने का निर्णय लिया है।
सिलेंडरके लिए जाना पड़ता 12 किमी दूर
लिखमीसरखरलियां के ग्रामीणों ने बताया कि मौजूदा समय में गैस एजेंसी संचालक द्वारा महीने में एक बार सिलेंडरों की सप्लाई दी जा रही है। ऐसे में अधिकांश उपभोक्ताओं को माह में दो बार सिलेंडर लाने के लिए 12 किलोमीटर दूर पीलीबंगा जाना पड़ता है। इससे उपभोक्ताओं का समय और धन बर्बाद होता है। ग्रामीणों ने माह में दो बार सप्लाई देेने की मांग अधिकारियों से की है।
ग्रामीण बोले- एजेंसी वालों को पाबंद करो
पीलीबंगास्थित गैस एजेंसी संचालकों की मनमर्जी का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। उपभोक्ता प्रीतपालसिंह मान, सुरेंद्र मंडा, हितेश कुमार सोलंकी सिकंदर सिंह सिद्धू ने एजेंसी संचालकों को माह में दो बार सप्लाई तथा निर्धारित समय पर करवाने के लिए पाबंद करने की मांग की है। इस संबंध में एजेंसी संचालक से बात करनी चाही तो उन्होंने फोन अटेंड नहीं किया।
^इस संबंध में पूर्व में कोई जानकारी नहीं थी अब आपने बताया है। अगर गैस एजेंसी संचालक मनमाफिक ढंग से सिलेंडरों की सप्लाई कर रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सुनीलवर्मा, डीएसओ,हनुमानगढ़