- Hindi News
- अध्यापिका के व्यवहार से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला
अध्यापिका के व्यवहार से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला
गांवखाराचक काहनेवाला के सरकारी माध्यमिक विद्यालय में पदस्थापित अध्यापिका पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मंगलवार को स्कूल पर ताला जड़ अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने स्कूल स्टाफ को पूरे दिन भीतर नहीं घुसने दिया। इसके बावजूद शिक्षा विभाग सहित प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नही पहुंचा। ग्रामीणों की मांग थी कि अध्यापिका को एपीओ किया जाए। उन्होंने बताया कि यह अध्यापिका पूर्व में इसी गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका थी। पिछले दिनों हुए एकीकरण के बाद प्राथमिक विद्यालय को माध्यमिक विद्यालय में समायोजित कर दिया गया था। वर्तमान में अध्यापिका बीस दिनों से अनुपस्थित चल रही है। गौरतलब है कि ग्रामीणों ने कई बार डीईओ से मिलकर अध्यापिका के असंतोषजनक व्यवहार और ग्रामीणों से गाली-गलौच करने की शिकायत की थी। ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर तालाबंदी की गई है। इस बारे में भी ग्रामीणों ने पहले ही चेतावनी दे दी थी। धरने पर बैठे लोगो का आरोप था की अध्यापिका बेवजह बच्चों से मारपीट करती है और ग्रामीण शिकायत करते हैं तो उनसे गाली-गलौच किया जाता है। पिछले दिनों स्कूल के प्रधानाध्यापक राधेश्याम के साथ इस अध्यापिका द्वारा गाली गलौच मारपीट पर उतारू होने का मामला भी काफी चर्चित रहा था प्रधानाध्यापक ने विभाग को इसकी लिखित शिकायत भी की थी।
पूरादिन भटकता रहा स्टाफ
स्कूलपर तालाबंदी के कारण स्टाफ पूरा दिन इधर-उधर भटकता रहा। अध्यापकों ने पेड़ों के नीचे बैठकर समय व्यतीत किया। प्रधानाध्यापक राधेश्याम ने बताया कि ग्रामीणों से समझाईश की गई थी लेकिन ग्रामीण नहीं माने। उधर, बीईईओ ओमप्रकाश सहू ने भी अध्यापिका द्वारा दुर्व्यवहार की बात कही। स्कूल के कुछ अन्य अध्यापकों ने भी संबंधित अध्यापिका के व्यवहार के प्रति असंतोष जताया। इस संबंध में बात करने के लिए अध्यापिका मीना बुंदेला से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ था।
^अध्यापिका के खिलाफ जांच बिठाई गई है। रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। स्कूल से अनुपस्थित रहने की शिकायत पर भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
प्रकाश जाटोलिया, डीईओ (माध्यमिक)