नशा मुक्ति शिविर का समापन
संगरिया. समाजसुधार मंच स्वामी केशवानंद चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से वार्ड एक स्थित वृद्धाश्रम में आयोजित 11 दिवसीय नशा मुक्ति शिविर का समापन मंगलवार को हुआ। इस अवसर पर अतिथि पंचायत समिति प्रधान हरदीपसिंह शाहपीनी ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकालने का समाज सुधार मंच की ओर से किया जा रहा प्रयास अनूठा और अनुकरणीय है। भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष परमजीतकौर रामगढिय़ा ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई से परिवार बिखर जाता है। उन्होंने युवाओं को नशे की लत से दूर रहकर अपने परिवार को शिक्षित करने की सलाह दी। भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सुमन गुप्ता कोषाध्यक्ष वीणा छिंपा ने भी विचार रखे। मंच अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने संस्था की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। शिविर में नशा छोड़ने वाले 25 जनों ने स्वामी केशवानंद के चित्र के सामने भविष्य में नशा करने का संकल्प लिया। मंच के पदाधिकारी रामलाल बिस्सू, श्याम मिढ़ा, राजवीर त्यागी, डॉ. अंग्रेज, मनीराम कांटिया, सोहनलाल मरेजा, रविंद्र कुमार ने अतिथियों का अभिनंदन किया। संस्था को सहयोग प्रदान करने वाले दानदाताओं को अतिथियों ने सम्मानित किया। इस मौके पर डायरेक्टर भूपेंद्र धालीवाल, साहबराम ज्याणी, शंकरलाल मीणा, राकेश योगी, अक्षय, बलराम स्वामी आदि मौजूद थे।
संगरिया. नशा छोड़ने का संकल्प लेने वाले लोग।