हनुमानगढ़. बहुमत के बाद भी क्रास वोटिंग की आशंका सस्पेंस के बीच आखिरकार कांग्रेस पंचायत समिति पर काबिज होने में सफल हुई। कांग्रेस के जयदेव भिडासरा हनुमानगढ़ पंचायत समिति के 13वें प्रधान निर्वाचित हुए। इसमें खास बात रही कि कांग्रेस के बहुमत के आंकड़े 12 वोट में एक भी वोट इधर-उधर नहीं हुआ।
प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी गुरदीपसिंह बिल्लू को दस वोट मिले। पंचायत समिति के 23 वोट थे जिसमें ब्लॉक नंबर तीन से निर्वाचित माकपा सदस्य ममता स्वामी को छोड़कर 22 सदस्यों ने मतदान किया। सुबह दस बजे शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया में कांग्रेस प्रत्याशी जयदेव भिडासरा के साथ सदस्य अमरसिंह सियाग प्रस्तावक के तौर पहुंचे।
इस दौरान देहात ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीतसिंह चंदड़ा, शहर ब्लॉक अध्यक्ष मनोज सैनी बलराम भिडासरा भी साथ थे। वहीं भाजपा प्रत्याशी गुरदीपसिंह बिल्लू के साथ प्रस्तावक के तौर पर सदस्य मदनलाल अरूण खिलेरी, अमित सहू आदि पहुंचे। नामांकन के बाद से कांग्रेस पदाधिकारियों को क्रॉस वोटिंग का डर था तो भाजपा खेमा कांग्रेस खेमे में सेंधमारी की जुगत में जुटा था।
इसको लेकर पंचायत समिति चुनाव को लेकर दिनभर सस्पेंस की स्थिति रही। कोई कांग्रेस में सेंधमारी तो कोई भाजपा की बढ़त के कयास लगाते नजर आया। दोपहर करीब तीन बजकर पांच मिनट पर कांग्रेस प्रत्याशी जयदेव भिडासरा की प|ी मीनाक्षी भिडासरा खुद कार ड्राइव कर चार महिला सदस्यों को लेकर मतदान स्थल के बाहर पहुंची। इसके बाद जयदेव भिडासरा सहित चार सदस्य मतदान के लिए पहुंचे।