पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां मिली

मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां मिली

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिना ड्रग लाइसेंस के गत करीब 6 माह से कस्बे में संचालित एक मेडिकल स्टोर का शनिवार को निरीक्षण करने आई औषधि नियंत्रक विभाग की टीम को देखकर केमिस्ट के भाग जाने पर टीम ने पुलिस टीम की उपस्थिति में मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। इससे पूर्व टीम में शामिल औषधि नियंत्रक अधिकारी सुखदीप कौर प्रेमराज मीणा ने मेडिकल स्टोर की छानबीन कर वहां से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार औषधि नियंत्रक विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को सहायक औषधि नियंत्रक डी एस उप्पल के निर्देश पर औषधि नियंत्रक अधिकारी सुखदीप कौर प्रेमराज मीणा स्टेशन रोड पर स्थित न्यू राहुल मेडिकल स्टोर पर पहुंचे। जिन्हें आया देख मेडिकल स्टोर पर बैठा संचालक जगदीश कुमार वहां से भाग खड़ा हुआ। जिस पर औषधि नियंत्रक विभाग की टीम ने पुलिस को मौके पर बुलवाकर मेडिकल स्टोर की छानबीन शुरू कर दी। टीम को मेडिकल स्टोर से फोर्टवीन इंजेक्शन, रेक्सकॉफ कोरेक्स की शीशियां, एलप्राजोलाम, लोमोटील टेबलेट्स सहित कई नशीली दवाइयां भारी मात्रा में मिलीं। जिन्हें विभाग की टीम ने सूची बनाकर जब्त कर लिया। इसी दौरान मेडिकल स्टोर को सील करने को लेकर मौके पर मौजूद पुलिस स्टाफ ने अपनी अधिकारिक उपस्थिति दर्ज करवाने से इंकार कर दिया। जिस पर मौके पर मौजूद जिला केमिस्ट एसोसिएशन, हनुमानगढ़ के अध्यक्ष प्रेम सेतिया अन्य पदाधिकारियों ने औषधि नियंत्रक विभाग की टीम के साथ थाने जाकर थाना प्रभारी से सहयोग करने को कहा। इसके बाद पुलिस टीम ने अपनी उपस्थिति में मेडिकल स्टोर को सरकारी मोहर लगाकर सील कर दिया।

पीलीबंगा केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सीताराम भाटिया ने बताया कि विगत 29 जनवरी को एसोसिएशन की लग्न पैलेस में हुई बैठक में भी औषधि नियंत्रक अधिकारी सुखदीप कौर ने उपस्थित केमिस्टों से किसी भी प्रकार की नशीली दवाइयों का अवैध रूप से बेचान करने की चेतावनी दी थी। इस बैठक में न्यू राहुल मेडिकल स्टोर का संचालक जगदीश कुमार भी उपस्थित था। दूसरी तरफ जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम कुमार सेतिया ने पीलीबंगा केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सीताराम भाटिया को एसोसिएशन की तत्काल एक बैठक बुलाकर कस्बे में नशीली दवाओं का कारोबार करने वाले केमिस्ट्स की सदस्यता निरस्त करने के निर्देश दिए।

सेतिया ने कहा कि जिला केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा नशीली दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले किसी भी केमिस्ट के प्रति नरमी नहीं बरती जाएगी। गौरतलब है कि न्यू राहुल मेडिकल स्टोर के संचालक जगदीश कुमार के विरुद्ध नशीली दवाइयों का अवैध कारोबार करने के आरोप में पूर्व में भी औषधि नियंत्रक विभाग की टीम कई बार कार्रवाई कर चुकी है।

नशेड़ियों का जमावड़ा

औषधिनियंत्रक विभाग की टीम द्वारा न्यू राहुल मेडिकल स्टोर पर की जा रही जांच के दौरान भी वहां नशीली दवाइयां खरीदने वाले नशेडिय़ों का आना-जाना लगा रहा। इतनी सख्ती के बावजूद भी कस्बे में नशीली दवाइयों का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है।

पीलीबंगा. मेडिकल स्टोर का निरीक्षण करती औषधि विभाग की टीम एवं स्टोर को सील करते विभाग के अधिकारी।

स्टोर से फोर्टवीन इंजेक्शन, रेक्सकॉफ कोरेक्स की शीशियां, एलप्राजोलाम, लोमोटील टेबलेट्स सहित कई नशीली दवाइयां बरामद, संचालक फरार