हनुमानगढ़. मीरा कॉलेज को सरकारीकरण करने की मांग को लेकर गुरुवार सुबह नौ बजे चार छात्राएं पानी की टंकी पर चढ़ गई। प्रशासनिक अधिकारियों के फार्म भरवाने के आश्वासन के करीब आठ घंटे बाद छात्राएं नीचे उतरी।
जानकारी के अनुसार सुबह छात्रा गुरप्रीत कौर, शालू, चेतना बंसल, हिमानी मीरा कॉलेज को सरकारीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर कॉलेज परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गईं। करीब 10 बजे छात्रा पूनम पुलिस को चकमा देकर टंकी पर चढ़ गई।
मौके पर तहसीलदार विक्रमसिंह राठौड़ , डीएसपी आरडी स्वामी, थानाधिकारी विजयसिंह मीणा मय जाब्ता के मौके पर पहुंचे और छात्राओं को नीचे उतारने के लिए समझाइश की। छात्राओं ने कहा कि पहले उनकी मांगों को प्रशासन मानें इसके बाद ही वे टंकी से नीचे उतरेंगी। शाम पांच बजे प्रशासन ने छात्राओं को परीक्षा फार्म भरवाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद छात्राएं नीचे उतरी। मौके पर छात्राओं के अभिभावकों नागरिकों की भीड़ लगी रही। छात्राएं कॉलेज के सरकारीकरण, स्टाफ के बकाया भुगतान, प्राचार्य की नियुक्ति, स्टूडेंट्स के फार्म भरवाने की मांग कर रही थीं।
टंकीपर चढऩे वाली छात्राओं के खिलाफ मामला दर्ज : पुलिसने गुरुवार रात को टंकी पर चढऩे वाली पांच छात्राओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि छात्रा चेतना पुत्री शिव कुमार, शालू पुत्री नरेंद्र कुमार, हिमानी पुत्री मनोज कुमार छात्रा गुरप्रीत पुत्री रेशम सिंह तथा पूनम पुत्री कृष्ण कुमार के खिलाफ आईपीसी की धार 309 के तहत मामला दर्ज किया है।