अग्रोहा विकास 2 बेटियों का शिक्षा का खर्च करेगा वहन
अग्रोहा विकासट्रस्ट का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को कलेक्टर रामनिवास से मिला। इसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ शौचालय निर्माण योजना के तहत ट्रस्ट की ओर से प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा की गई। ट्रस्ट अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत ट्रस्ट की ओर से हर साल टाउन क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों की दो बेटियों को गोद लिया जाएगा। इसमें कक्षा छह से कक्षा 10 तक की पढ़ाई का खर्च वहन किया जाएगा। वहीं टाउन के मुख्य बाजार में ट्रस्ट के खर्चे पर महिला शौचालयों का निर्माण कराए जाने का निर्णय लिया गया है। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने शौचालय निर्माण के लिए कलेक्टर से स्वीकृति की मांग की। कलेक्टर ने इन कार्यों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग की बात कही। इस मौके पर बीके लालगढिया, एडवोकेट रतनलाल नागौरी, सुरेश गुप्ता, जगदीश गुप्ता आदि मौजूद थे।