पहले डेढ़ घंटा तक धैर्य और फिर 13438 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड की ओर से आयोजित पटवार भर्ती परीक्षा शनिवार को जिलेभर में शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई। पटवारी भर्ती परीक्षा से पहले डेढ़ घंटे तक युवाओं के धैर्य की भी परीक्षा हुई। क्योंकि इस बार परीक्षा में सतर्कता के दृष्टिगत अभ्यर्थियों को जांच के लिए परीक्षा केंद्रों पर डेढ़ घंटा पहले उपस्थिति दर्ज करानी थी। अनेक अभ्यर्थी परीक्षा के निर्धारित समय 12 बजे से दो घंटा पहले सुबह 10 बजे ही केंद्रों के बाहर इकट्ठे होने शुरू हो गए थे। परीक्षा को लेकर जिले में कुल 63 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिला मुख्यालय पर 42, पीलीबंगा में आठ संगरिया में 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। एडीएम परमेश्वर लाल ने बताया कि कुल 16719 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3281 अभ्यर्थी अनुपस्थित थे। इस तरह 13438 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं, परीक्षार्थियों के मुताबिक पेपर ठीक था। साइंस और मैथ्स के प्रश्नों ने जरूर कुछ परेशान किया।
पीलीबंगा.राजस्थानपटवार परीक्षा शनिवार को कस्बे के कुल 8 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस द्वारा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थानाधिकारी विजयसिंह मीणा ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पांच पुलिस अधिकारियों दो होमगार्ड के जवानों की नियुक्ति की गई थी। इसके अलावा डीवाईएसपी नारायणदान सिंह के नेतृत्व में पुलिस जवानों की टुकडिय़ां सभी परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण करती रहीं। परीक्षा केंद्रों से परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों में से कईयों के चेहरों पर परीक्षा अच्छी होने की खुशी नजर आई तो वहीं बहुतों के चेहरों पर निराशा भी झलक रही थी।
जैमर-सीसीटीवीकैमरे नहीं थे लेकिन कड़ी रही सुरक्षा व्यवस्था
खासबात यह रही कि पिछली प्रतियोगी परीक्षाओं की तरह शनिवार को परीक्षा केंद्रों पर जैमर नहीं लगाए गए थे। डीईओ मोहनलाल स्वामी ने बताया कि जैमर के अलावा सीसीटीवी कैमरे भी नहीं थे लेकिन व्यवस्था पहले की तरह ही चाकचौबंद थी। अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी करवाई गई और दस उड़न दस्ते पूरा दिन एक से दूसरे केंद्र में जांच करते रहे।
परीक्षा केंद्र के बाहर सामान रखने के लिए बनाया गया प्राइवेट काउंटर।
पटवारी भर्ती परीक्षा : जिले में 63 परीक्षा केंद्र बनाए गए
हनुमानगढ़. पटवारी भर्ती परीक्षा देने के बाद जंक्शन स्थित परीक्षा केंद्र से बाहर आते परीक्षार्थी।