पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 14.20 Lakh Looted From Data Infosys Worker Jaipur Rajasthan

डाटा इंफोसिस के कर्मचारी से 14.20 लाख रुपए लूटे, सरिये से किया सिर पर हमला

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जयपुर. अग्रवाल फार्म बीटू बाईपास पर सोमवार शाम छह बजे द्वारकादास पार्क के पास कार सवार चार बदमाशों ने डाटा इंफोसिस के कर्मचारी से 14 लाख 20 हजार रुपए लूट लिए। वह तीन काउंटर से बिजली के बिलों के रुपए लेकर ऑफिस लौट रहा था। डाटा इंफोसिस शहर में बिजली बिल जमा करने का कार्य करती है। इस संबंध में शिप्रापथ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने शिप्रापथ व मानसरोवर इलाकों के होटलों में सर्च अभियान चलाया।

सोढ़ाला की शिवपुरी कॉलोनी निवासी गीतेश वर्मा (23) डाटा इंफोसिस कंपनी के वैशालीनगर काउंटर पर नियुक्त है। वह वैशालीनगर से रुपए लेकर मानसरोवर-किरण पथ पहुंचा। यहां के दो काउंटर से रुपए लेकर एसएफएस अग्रवाल फार्म काउंटर जा रहा था। उसके बैग में 14 लाख 20 हजार रुपए और तीनों काउंटर पर जमा किए बिल रखे थे।

सरिये के वार से टूटा हैलमेट
गीतेश ने बताया कि बीटू बाईपास पर शिप्रापथ चौराहे से वह अग्रवाल फार्म एसएफएस आ रहा था। कार सवार बदमाशों ने उसकी बाइक को टक्कर मारी, जिससे वह डिवाइडर की रेलिंग से टकराकर गिर गया और उसका बैग दूर जा गिरा। कार से दो बदमाश उतरे। एक बदमाश ने बैग उठा लिया। उसने बैग पकडऩे का प्रयास किया तो दूसरे बदमाश ने सरिए से उसके सिर पर वार किया, लेकिन वह हैलमेट पहने हुए था, जिससे हेलमेट टूट गया। इसके बाद उसने पुलिस कंट्रोल रूम व कंपनी में सूचना दी। उसने पुलिस को कार के नंबर बताए हैं।

एक माह पहले भी हुई वारदात
एक माह पहले इसी कंपनी में कार्यरत बस्सी के रविप्रकाश को आदर्श नगर से पौने 22 लाख रु. लेकर जाते समय बदमाशों ने टोंक पुलिया पर रोक लिया। बदमाश उसे बाइक पर बिठाकर ले जाने लगे। ग्लास फैक्ट्री के पास रविप्रकाश बाइक से कूद गया। इससे रुपए बच गए।