पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 5 Rupees Given To Hospital For Meet To Patient

मरीज से मिलने आने वालों को देना होगा 5 रु., सरकार को भेजा प्रस्ताव

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर. एसएमएस अस्पताल में भीड़ कम करने के लिए मरीज से मिलने आने वाले व्यक्ति को 5 रु. शुल्क देना होगा। अस्पताल प्रशासन ने इस संबंध में प्रस्ताव सरकार को भेजा है। अभी परिजनों को दो पास दिए जाते हैं। मरीजों से मिलने रोज करीब 4 हजार अटेंडेंट आते हैं। मिलने का निर्धारित समय दोपहर 3 से 5 बजे तक है, इस दौरान कोई शुल्क नहीं वसूला जाएगा। प्रमुख सचिव (मेडिकल शिक्षा) जेसी महांति ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने, गंदगी व संक्रमण रोकने तथा आए दिन होने वाले झगड़े रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
आगंतुकों से लिए जाने वाले शुल्क तो अस्पताल के विकास में लगाया जाएगा। ऐसा प्रयोग अन्य सरकारी मेडिकल कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों में भी प्रस्तावित है। एसएमएस अस्पताल अधीक्षक डॉ.मानप्रकाश शर्मा ने बताया कि इस संबंध में बैठक हो चुकी है, सिर्फ सरकार की मुहर लगना बाकी है।
बायोमीट्रिक मशीन लगेगी: एसएमएस मेडिकल कॉलेज व उससे जुड़े अस्पतालों में डॉक्टरों व स्टाफ की उपस्थिति दर्ज करने के लिए बायोमीट्रिक मशीन लगेगी। मेडिकल शिक्षा विभाग ने कॉलेज प्राचार्य डॉ.सुभाष नेपालिया को एसएमएस अस्पताल, महिला चिकित्सालय सांगानेरी गेट, जनाना अस्पताल चांदपोल, जेके लोन, मनोचिकित्सालय, इंस्टीट्यूट ऑफ रेस्पिरेटरी डिजीज में मशीनें लगाने के लिए कहा है। एमसीआई, नई दिल्ली के नियमानुसार बायोमीट्रिक मशीन लगाना अनिवार्य है।

दिवाली से पहले अस्पताल होंगे स्वच्छ : चिकित्सा मंत्री राजेन्द्र राठौड़ के साथ बैठक के बाद जेसी महांति ने जयपुर, अजमेर, जोधपुर, उदयपुर, बीकानेर और कोटा के सरकारी मेडिकल कॉलेज प्राचार्यों को दिवाली से पहले सभी अस्पतालों के ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, दवा वितरण केन्द्र, ड्रग वेयर हाउस, डे-केयर सेन्टर, इमरजेन्सी, लांड्री, किचन, मोर्चरी, लैब, टॉयलेट, कॉरीडोर की हर तरह से साफ-सफाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा खराब उपकरणों और बायोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण करने को कहा है।