पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजयपुर. सोढाला थाने से 200 मीटर दूर हवा सड़क पर बुधवार रात लैपटॉप शोरूम के ताले तोड़कर चोर करीब 2 करोड़ रु. के लैपटॉप व अन्य उपकरण ले गए। इस इलाके में यह तीसरी वारदात है। स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाया है कि जब पुलिस थाने के आसपास ही गश्त नहीं कर रही है तो पूरे इलाके में क्या करती है?
चंबल पावर हाउस के सामने साइबर स्पेस नाम से शोरूम है। इसके मालिक श्याम नगर निवासी संजय ठाकुर प्रदेश में लैपटॉप सप्लाई करते हैं। सुबह 9 बजे के लगभग दुकान के मालिक ने पुलिस को फोन पर चोरी होने की सूचना दी। मौके पर शटर का ताला टूटा हुआ था और शोरूम के अंदर से और गोदाम में रखे करीब 550 लैपटॉप व अन्य कीमती सामान गायब था। पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और फिंगर प्रिंट लिए। शोरूम के सीसीटीवी कैमरे के तार कटे हुए थे। हालांकि पुलिस घटना से तीन दिन पहले के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज पर जांच कर रही है। शोरूम की ब्रांच हैड छवि अदलखा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
सीढिय़ां नहीं टूटी तो ताले तोड़कर अंदर घुसे
चोरों ने शोरूम के शटर के ताले तोडऩे से पहले गोदाम में घुसने के लिए सीढिय़ां तोडऩे का प्रयास किया। एक सीढ़ी को तो तोड़ दिया, पर जब अन्य सीढिय़ां नहीं टूटी तो उन्होंने शटर का ताला तोड़ दिया और सीसीटीवी कैमरे के वायर काट दिए।
खाली डिब्बे छोड़ गए और लैपटॉप ले गए : प्र्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों की संख्या तीन-चार से ज्यादा हो सकती है और वे किसी वाहन से आए थे। बदमाश एचपी और एसर कंपनी के लैपटॉप ले गए। उन्होंने गोदाम और शोरूम में रखे महंगे लैपटॉप निकालकर खाली डिब्बे और सस्ते लैपटॉप छोड़ दिए।
हवा सड़क पर डेढ़ माह में तीसरी बार चोरी : 4 जनवरी को बदमाश साइबर स्पेस के पास एक मोबाइल शोरूम के ताले तोड़कर लाखों रुपए का सामान ले गए थे। दिसंबर 2013 में इसी इलाके में एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों रु. के जेवरात ले गए थे।
फोटो- शोरूम से फिंगर प्रिंट लेती एफएसएल टीम।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.