पिछले दाग धुल गए तो तीन आरपीएस बन जाएंगे आईपीएस
इस साल राजस्थान पुलिस सेवा कोटे से बनेंगे छह आईपीएस
पॉलिटिकलरिपोर्टर | जयपुर
राजस्थानपुलिस सेवा के छह अफसर इस साल आईपीएस बनाएं जाएंगे। आईपीएस बनने वालों में सबसे ऊपर नाम आरपीएस राजेंद्र कुमार, लक्ष्मीनारायण शर्मा, यादराम फासल, प्रहलाद सिंह कृष्णिया, हिम्मत अभिलाष टांक, भंवर सिंह नाथावत, योगेश दाधीच और मनोज कुमार का है। यानी इन आठ में से ही छह अफसरों को आईपीएस बनने का तोहफा मिलेगा। यह खुशखबरी, होली से भी इन अफसरों को मिल सकती है। क्योंकि, गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय से वैकेंसी से तीन गुना यानी 18 आरपीएस अधिकारियों का रिकॉर्ड तलब कर लिया है।
गृह विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वैकेंसी नोटिफिकेशन के बाद ही पुलिस मुख्यालय से रिकॉर्ड मांगा गया है। स्क्रूटनी के बाद रिकॉर्ड डीओपी को भेजा जाएगा और वहां से फिर यूपीएससी को। मार्च के पहले हफ्ते तक बोर्ड का गठन कर यूपीएससी प्रमोशन के लिए तारीखों का एलान कर सकती है। बोर्ड की बैठक में प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों के नामों पर मुहर लग जाएगी।
18 आरपीएस का रिकॉर्ड मांगा
^स्टेटकोटे में आरपीएस से आईपीएस प्रमोशन की सात वैकेंसी हैं, लेकिन प्रमोशन का एक पुराना प्रकरण हाईकोर्ट में विचाराधीन है। इस कारण आरपीएस को प्रमोट आईपीएस की 6 वैकेंसी ही भरी जाएगी। डीओपी ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। पुलिस मुख्यालय से वैकेंसी के तीन गुना यानी 18 आरपीएस का रिकॉर्ड मांग लिया है। -पवनकुमार जैन, ज्वाइंट सेक्रेट्री (पुलिस), गृह विभाग
राजस्थान पुलिस सेवा की सुपरटाइम स्केल में कार्यरत अधिकारियों की अंतिम वरिष्ठता सूची के अनुसार राजेंद्र कुमार, लक्ष्मीनारायण शर्मा, यादराम फासल एवं प्रहलाद सिंह कृष्णिया को गत साल पदोन्नति का लाभ नहीं मिला था। क्योंकि, फासल की उम्र 54 साल से अधिक हो गई थी। वहीं, राजेंद्र कुमार, लक्ष्मी नारायण शर्मा एवं कृष्णिया के नाम खराब एसीआर की वजह से शामिल नहीं किए जा सके। गृह विभाग का कहना है कि पदोन्नति की उम्र 56 किए जाने की वजह से फासल का प्रमोशन तय है। वहीं, पिछली बार शामिल नहीं किए तीनों अफसरों को इस बार मौका दिया जाएगा। यदि, इनकी पिछले पांच साल की एसीआर अच्छी रही तो इनका प्रमोशन भी तय है।