युवक की बोतल घोंपकर हत्या, सिर चेहरा पत्थर से कुचला
जयपुर | मुहानासब्जी मंडी के पास एक कॉलोनी के खाली भूखंड में शुक्रवार रात युवक के पेट में बीयर की बोतल घोंप कर हत्या कर दी गई। पहचान छुपाने के लिए हत्यारे ने युवक के सिर चेहरे को पत्थर से कुचल दिया। घटना का पता शनिवार दोपहर को चला। खाली भूखंड में शव देखकर किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। घटनास्थल पर बीयर की खाली बोतलें पाई गई हैं। मुहाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह राणावत ने बताया कि मृतक सवाई माधोपुर में बराहंडा निवासी चतर सिंह कोली उर्फ कालू (18) है। वह रामपुरा में रहता था और टैंट की दुकान पर काम करता था। शुक्रवार को शादियां होने के कारण देर तक काम कर रहा था। दोपहर में पार्श्वनाथ कॉलोनी में किसी व्यक्ति ने शव पड़ा होने की पुलिस को सूचना मिली। टैंट की दुकान पर काम करने से स्थानीय लोग उसे पहचानते थे। उन्होंने परिजनों को सूचना दी। जांच में पुलिस को पता चला है कि चतर सिंह अपने परिचित इमरान नामक युवक के साथ गया था। पुलिस ने इमरान का पता किया तो वह भी गायब मिला है।
घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों और बीयर की बोतलों के आधार पर पुलिस किसी के साथ बैठकर बीयर पीना और झगडे में हत्या मान रही है।