सेकेंड ग्रेड शिक्षकों की भर्ती जल्द होगी : शिक्षा राज्यमंत्री
एजुकेशन रिपोर्टर. जयपुर | शिक्षाराज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा है कि प्रदेश में सेकेंड ग्रेड शिक्षकों की भर्ती जल्दी शुरू होगी। इसके माध्यम से संस्कृत सहित अन्य विषय अध्यापकों के रिक्त पदों को भरा जाएगा। साथ ही 15 अप्रैल से 15 मई के बीच वर्ष 2016-17 की डीपीसी करने का प्रयास किया जाएगा। देवनानी ने शुक्रवार को इन्दिरा गांधी पंचायत राज संस्थान में शाला दर्पण, शाला दर्शन, राज-ई-ज्ञान पोर्टल के लोकार्पण गार्गी पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर यह बात की। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रीय प्रतिभा खोज के 11 मेधावी विद्यार्थियों एवं गार्गी पुरस्कार के योग्य 11 छात्राओं को पुरस्कार भी वितरित किए।
देवनानी ने कहा कि अब शाला दर्शन, शाला दर्पण के माध्यम से केवल स्कूलों की सूचना ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती है, बल्कि राज-ई-ज्ञान पोर्टल के जरिए बच्चे अपने विषय से संबंधित जानकारी डिजिटल रूप में प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हुए सकारात्मक प्रयासों का ही नतीजा है कि शिक्षा के क्षेत्र में 21 वें स्थान पर रहने वाला राजस्थान आज देश में पहले 10 स्थानों में शामिल हो गया है। समारोह की अध्यक्षता सांसद रामचरण बोहरा ने की। शिक्षा सचिव नरेशपाल गंगवार ने कहा कि राज-ई-ज्ञान पोर्टल में कक्षा 1 से 12 तक की शिक्षण सामग्री डिजिटल रूप में प्रस्तुत की जाएगी।
43 फीसदी बढ़ी गार्गी पुरस्कार पाने वाले छात्राएं : समारोह में दैनिक भास्कर में 25 जनवरी को प्रकाशित 43 फीसदी बढ़ी गार्गी पुरस्कार पाने वाली बेटियां खबर की चर्चा रही। देवनानी गंगवार ने कहा कि एक ही साल में इतनी अधिक संख्या बढ़ना विभाग के लिए गर्व की बात है। गौरतलब है कि गार्गी पुरस्कार बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार पाने वाली बेटियां पिछले साल 47947 के मुकाबले इस साल बढ़कर 68878 हो गई।
संस्था प्रधानों को सीएम का संदेश : समारोह में देवनानी ने प्रदेश के 13 हजार संस्था प्रधानों को ईमेल के जरिए एक साथ मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का संदेश भेजा। जिसमें राजे ने उन्हें कहा कि गत दो सालों में राजकीय स्कूलों में शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के गंभीर प्रयास हुए हैं। अब जन आकांक्षाओं के अनुरूप काम करने की चुनौती बढ़ी है। साथ ही जिन संस्था प्रधानों का शुक्रवार को जन्मदिन था और जो जनवरी में सेवानिवृत्त हुए, उन्हें एसएमएस के जरिए देवनानी ने शुभकामना संदेश भी भेजा।
गार्गी पुरस्कार राशि के चैक नहीं पहुंचे, परेशान होती रही छात्राएं
जयपुर में गार्गी पुरस्कार वितरण के लिए प्राप्तांक प्रतिशत के आधार पर 23 स्कूलों में वितरण केंद्र बनाए गए थे। शुक्रवार को गुरुनानक संस्थान राजापार्क में छात्राएं पुरस्कार के लिए परेशानी होती रही तो घाटगेट के रा.सी.से. स्कूल सहित कई केंद्रों पर गार्गी पुरस्कार की राशि का चैक लेने आई छात्राओं को निराश लौटना पड़ा। उनकी पुरस्कार की राशि का चैक ही स्कूल में नहीं पहुंचा। परेशान छात्राओं ने स्कूल के अधिकारियों से बात की तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस मामले पर बालिका शिक्षा फाउंडेशन के सचिव शंकरलाल जांगिड़ का कहना है कि कोई भी योग्य छात्रा पुरस्कार से वंचित नहीं रहेगी। जिन छात्राओं के चैक स्कूलों में नहीं पहुंचे, वे अपने जिला शिक्षा अधिकारी को अपना आवेदन जमा करा दे, ताकि उनको पुरस्कार राशि का चैक प्रदान करने की कार्यवाही की जा सके।
अब कक्षा 6 से 10 या 6 से 12 तक नहीं होंगे स्कूल : देवनानीने कहा कि अगले सत्र से कक्षा 6 से 10 या कक्षा 6 से 12 तक की स्कूल नहीं होंगे। प्रदेश में अब कक्षा 1 से 5, कक्षा 1 से 8, कक्षा 1 से 10 या कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल ही होंगे। इससे स्कूलों की मॉनिटरिंग सही तरीके से हो सकेगी।
और स्कूलों की सूचनाएं प्राप्त करना आसान हो सकेगा।