सोना 900 रु. महंगा, 21 माह का उच्च स्तर
जयपुर | शुक्रवारको घरेलू बाजार में सोना करीब 21 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। सोना स्टैंडर्ड और जेवराती सोने के दाम 900 रुपए प्रति दस ग्राम बढ़ गए। सोना स्टैंडर्ड (24 कैरेट) के दाम 29,650 और जेवराती सोने (22 कैरेट) के दाम प्रति दस ग्राम 28,200 रुपए पहुंच गए। इससे पहले 16 मई 2014 को सोने का यह स्तर दर्ज किया गया था। ट्रेडर्स का कहना है कि शादियों के कारण ज्वैलरी की मांग बढ़ी है।
रिटेल दुकानदार ज्यादा सोना खरीद रहे हैं। मांग बढ़ने का असर कीमतों पर हो रहा है। इसके अलावा डॉलर की तुलना में रुपया सस्ता होने से आयात भी महंगा हो गया है। गुरुवार को न्यूयॉर्क में सोने की कीमत 4.14 फीसदी बढ़कर 1,246.40 डॉलर प्रति औंस हो गई थी।
जयपुर में शुक्रवार को चांदी भी 800 रुपए प्रति किलोग्राम महंगी हो गई है।