1941 आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण की वित्तीय स्वीकृति जारी
जयपुर | महिलाबाल विकास विभाग ने आईसीडीएस मिशन मोड योजना के अंतर्गत 1941 आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण की द्वितीय किश्त के रूप में 3820.50 लाख रुपए की राशि की स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि 2.25 लाख रुपए प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र को देने के हिसाब से सीधे जिला परिषदों के निजी निक्षेप हाथों में हस्तांतरित की गई है। प्रथम किश्त के रूप में 4367.25 लाख रुपए की राशि पहले ही विभाग दे चुका है। महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री अनिता भदेल ने बताया कि इस राशि के उपयोग से सभी 33 जिलों में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण होने से महिलाओं बच्चों को भविष्य में और अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में किराए के भवनों में चल रहे 1385 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भवन निर्माण मनरेगा के साथ कन्वर्जेंस करके बनाए जाएंगे। इनकी लागत लगभग 7 लाख रुपए होगी। इसमें 5 लाख रुपए मनरेगा योजना मद से 2 लाख रुपए महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से दिए जाएंगे।