पटवारी भर्ती परीक्षा में डेढ़ घंटा पहले पहुंचना होगा अभ्यर्थियों को
प्रदेशमें 13 फरवरी को होने वाली पटवारी भर्ती प्रारंभिक परीक्षा में परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटा पहले पहुंचना होगा। राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड की ओर से होने वाली इस परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को सचिवालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें ये निर्णय हुआ।
चेयरमेन राम खिलाड़ी मीना की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस, प्रशासन, रेलवे, रोडवेज समेत अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया। इस दौरान परीक्षार्थियों के लिए सुबह 10.30 बजे परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए। ताकि उनकी तलाशी ली जा सके। भर्ती परीक्षा परीक्षा दोपहर 12 बजे से शुरू होकर तीन बजे चलेगी। बैठक में परीक्षा के सफल आयोजन के लिए पुख्ता इंतजाम करने, रेलवे को ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने, रोडवेज को अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने और आरटीई को निजी बसों को 12 से 14 फरवरी के लिए अस्थाई परमिट जारी करने समेत अन्य निर्देश दिए गए।