पं. उपाध्याय की पुण्यतिथि भाजपा ने अलग मनाई, ितवाड़ी ने अलग
जयपुर | एकात्ममानववाद सिद्धांत के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि गुरुवार को प्रदेशभर में मनाई गई। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी और पं. दीनदयाल स्मृति संस्थान ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा जयपुर शहर की ओर से उपाध्याय की पुण्यतिथि भाजपा कार्यालय में बलिदान दिवस के रूप में मनाई गई। इस दौरान यहां श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा के मुख्य वक्ता विधायक मोहन लाल गुप्ता ने उपाध्याय के जीवन पर प्रकाश डाला। सभा में भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष संजय जैन, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष मधु शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। आदर्श नगर स्थित प. दीनदयाल उपाध्याय सर्किल पर शहर के प्रमुख कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में पुष्पाजंलि कार्यक्रम हुआ। भाजपा जयपुर देहात की ओर से धानक्या में भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
स्वच्छभारत-स्वस्थ भारत की शुरूआत : पंडितदीनदयाल उपाध्याय स्मृति मंच की ओर से गुरुवार को “स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ अभियान की शुरूआत मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पं. उपाध्याय के पारिवारिक सदस्य विनोद शुक्ला के नेतृत्व में की गई।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष मधु शर्मा के सहयोग से हुई शुरूआत के मौके पर अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जितेंद्र मीणा भी उपस्थित थे। साथ ही मंच के प्रदेश अध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री कुलदीप राणा, युवा महिला मोर्च के प्रमुख अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
पं. दीनदयाल स्मृति संस्थान के बैनर तले तिवाड़ी ने किए कार्यक्रम
पं.दीनदयाल स्मृति संस्थान के बैनर तले विधायक घनश्याम तिवाड़ी ने प्रदेशभर में पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किए। तिवाड़ी इस मौके पर भरतपुर में थे। जयपुर में जालूपुरा स्थित तिवाड़ी के सरकारी आवास पर हुए कार्यक्रम में संस्थान के सचिव अखिलेश तिवाड़ी ने कहा कि कार्यकर्ता का पद स्थायी और सबसे सम्मानित पद है। अन्य पद आते-जाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि आजकल नारे जुमले वाली सरकार चल रही है। कार्यकर्ताओं की अनदेखी के कारण कार्यकर्ता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। इस दौरान सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों से एक एक वक्ता ने अपने विचार व्यक्त किए।