नाटिंघम में गंदगी फैलाने वालों पर भारी जुर्माना, तभी जीरो वेस्ट सिटी
इंफ्रा रिपोर्टर. जयपुर | राजधानीको स्मार्ट सिटी कैसे बनाई जाए इसके लिए नाटिंघम सिटी से आए स्मार्ट डवलपमेन्ट टीम के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को अपने अनुभव साझा किए। टीम के सदस्यों ने कहा कि नाटिंघम जीरो वेस्ट सिटी है। वहां कचरा बिल्कुल भी सड़कों पर नहीं फेंका जाता। इसके लिए सख्त कानून बनाए गए है और गंदगी फैलाने वालों पर भारी पेनल्टी लगाई जाती है। वहां डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन पूरे शहर में होता है। इसके लिए फिक्स चार्ज है।
टोंक रोड स्थित एसएमएस कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्याशाला में नाटिंघम से आए प्रतिनिधियों ने स्मार्ट पब्लिक ट्रांसपोर्ट विषय पर अपने अनुभव शेयर करते हुए बताया कि वहां ट्राम, बसों की सबसे बेहतर सुविधाएं है। सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट को एक साथ जोडऩे के लिए इंटीग्रेशन सिस्टम भी बना है। इसमें ट्राम, बसों के संचालन समय, सिंगल कार्ड सिस्टम, बस स्टॉप पर लगे स्क्रीन, कैमरे सिस्टम आदि को जीपीएस सिस्टम से कनेक्ट किया है, ताकि आमजन को पब्लिक ट्रांसपोर्ट पूरी जानकारी बिल्कुल सही और समय पर मिल सके। उन्होंने बताया कि वहां एन्वायरनमेंट को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक बसें संचालित होती है। उधर, जयपुर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए नगर निगम, जेडीए, मेट्रो सहित अन्य विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों आगामी प्लानिंग पर चर्चा की गई।
कार्यशाला में ये लोग रहे मौजूद : मेयर निर्मल नाहटा, डिप्टी मेयर मनोज भारद्वाज, जेडीसी शिखर अग्रवाल, निगम कमिश्नर आशुतोष ए.टी. पेंढणेकर, नाटिंघम सिटी के काउंसलर निक मेकडोनाल्ड, डिप्टी चीफ एक्जीक्यूटिव नाटिंघम सिटी डेविड विप, डायरेक्टर फॉर प्लानिंग एंड ट्रांसपोर्ट सुई फ्लैक, हैड ऑफ एनर्जी नाटिंघम सिटी जॉन लुम्ब, जेसीटीसीएल के महा प्रबन्धक नरेश कुमार शर्मा, अतिरिक्त कमिश्नर राकेश शर्मा, जेएमआरसी के निदेशक परियोजना अश्विनी शर्मा के अलावा रूफिडकों, आरयूआईडीपी, जेडीए के अधिकारी नगर निगम की समितियों के अध्यक्ष उपस्थित थे।
शहर में हाई सिक्योरिटी कैमरे और सिग्नल
कार्यशाला में नगर निगम जेडीए अधिकारियों ने जयपुर के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यहां शहर में सिक्योरिटी के लिए हाईटेक, सेंसेटिव कैमरे सिग्नल लगाने की योजना प्रस्तावित है। इस तकनीक से अगर शहर में कही भी ट्रेफिक जाम या कोई संदिग्ध गतिविधि अथवा वस्तु दिखाई देगी तो तुरंत अलार्म बज उठेगा और अलर्ट जारी हो जाएगा।