जयपुर. कुख्यात बदमाश आनंदपाल सिंह के इशारे पर जेल में हथियार पहुंचाने वाले आरोपी के भाई की हत्या करने वाले दो आरोपियों को एसओजी ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जितेन्द्र चारण नागौर व श्रवणदास चूरू का रहने वाला है।
एसओजी इस मामले में आनंदपाल के भाई विक्की की तलाश कर रही है। आरोपी जितेन्द्र को प्रोडक्शन वारंट पर रतनगढ़ जेल से गिरफ्तार किया है। एसओजी ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से चार दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। एटीएस के एडीजी आलोक त्रिपाठी ने बताया कि बीकानेर जेल में हथियार पहुंचाने वाले आरोपी हनुमान जाट के भाई गुमानाराम की घटना के बाद आनंदपाल के इशारे पर उसके भाई विक्की के साथ मिलकर जितेन्द्र व श्रवणदास ने हत्या कर दी थी। आरोपी वारदात से पहले श्रवणदास के घर पर रुका था।
जहां पर गुमानाराम की हत्या की योजना बनाई थी और रैकी के बाद धारदार हथियार से और फायरिंग करके गुमानाराम की हत्या कर दी थी। एसओजी मामले की जांच कर रही है। हनुमान ने जेल में आनंदपाल की हत्या करने के लिए हथियार पहुंचाए थे। इसकी रंजिश के चलते आनंदपाल के इशारे पर हनुमान के भाई गुमानाराम की हत्या की गई थी।