जयपुर. शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रतापसिंह खाचरियावास की अगुवाई में रविवार को अवकाश के बावजूद कलेक्ट्री पर ट्रैक्टर किसान मजदूरों ने बड़ी पंचायत की। करीब दो घंटे चली पंचायत ने फैसला किया कि किसान-मजदूर आगामी सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव करेंगे। तारीख का एलान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट से बातचीत के बाद तय की जाएगी।
पंचायत में पूर्व मंत्री बृजकिशोर शर्मा, पीसीसी उपाध्यक्ष राजीव अरोडा, पूर्व मेयर एवं महासचिव ज्योति खण्डेलवाल, कांग्रेस नेता डा. प्रहलाद रघु, प्रदेश सचिव अमीन कागजी, साधना साध, राजेश चौधरी, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष गुलाब नबी, उपनेता धर्मसिंह सिंघानिया, जिला महासचिव विमल यादव एवं कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मनोज मुदगल भी मौजूद रहे।
हमने अपनी बात पहुंचा दी, जनता परेशान भी नहीं हुई
शहर कांग्रेस की पंचायत में रविवार सुबह 10 बजे से ही ट्रैक्टर किसान मजदूर एवं कार्यकर्ता नारे लगाते एवं ढोल नगाड़ो के साथ कलेक्ट्री सर्किल पहुंचने लगे। खाचरियावास ने कहा कि रविवार का दिन इसलिए चुना कि प्रदर्शन में काफी संख्या में किसान मजदूर एवं कार्यकर्ता ट्रैक्टर एवं ऊंट गाड़ी लेकर पहुंचने वाले थे। छुट्टी के दिन प्रदर्शन कर हमने अपनी बात सरकार तक पहुंचा भी दी और जनता को परेशानी भी कम हुई।
राजनीतिक दलों को बड़ा मैसेज
किसान मजदूरों के प्रदर्शन के दौरान काफी संख्या में कार्यकर्ता ऊंटों पर और लड्डों में बैठकर पहुंचे। बिना ट्राली के ट्रैक्टरों में भी प्रदर्शनकारी पहुंचे। प्रदर्शन से कलेक्ट्री के सामने यातायात बाधित रहा। लेकिन, इससे जुड़े अन्य रास्तों पर आने जाने वालों को ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। प्रदर्शन में उम्मीद से अधिक भीड़ जुटने से कांग्रेसी गदगद नजर आए। इससे एक मैसेज भी गया कि क्यों न इस तरह के प्रदर्शन अवकाश के दिन ही किए जाएं।