पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

प्राइवेट स्कूल संचालकों ने फीस कमेटी कार्यालय पर ताला जड़ा

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर. प्राइवेट स्कूल संचालकों ने शिक्षा विभाग में रिश्वतखोरी बढ़ने का आरोप और फीस एक्ट का विरोध करते हुए बुधवार दोपहर शिक्षा संकुल स्थित फीस कमेटी के कार्यालय पर कब्जा जमा लिया। इस दौरान संचालकों ने कार्यालय पर तालाबंदी भी कर दी।
स्कूल संचालकों व प्रदर्शनकारियों ने खुद को राजीव गांधी शिक्षा भवन में बंद करते हुए जमकर नारेबाजी की। इन्होंने निजी स्कूलों के प्रति भेदभाव बरतने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और समझाइश करके ताला खुलवाया।
स्कूल शिक्षा परिवार की अध्यक्ष हेमलता जोशी और महासचिव अनिल शर्मा के नेतृत्व में निजी स्कूल संचालक शिक्षा संकुल पहुंचे और यहां राजीव गांधी शिक्षा भवन स्थित फीस कमेटी के कार्यालय पहुंच गए। संचालकों ने भवन पर कब्जा जमा कर लिया और भवन के अंदर जाकर तालाबंदी कर ली।
इस दौरान भवन के प्रवेश द्वार पर बैठा सुरक्षाकर्मी और फीस कमेटी के कर्मचारी भी अंदर बंद हो गए। इस दौरान स्कूल संचालकों ने फीस एक्ट का विरोध किया। माध्यमिक शिक्षा पर दादागिरी और आरटीई दाखिलों की जांच के नाम पर संचालकों से रकम वसूलने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे अपनी गुहार के लिए पहले भी कई बार आंदोलन कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। शिक्षा विभाग की योजनाओं से निजी स्कूलों को अलग कर दिया है।
सीएमओ में बात करने के आश्वासन के बाद खोला ताला
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंच गए। इन्होंने स्कूल संचालकों को सरकारी भवन में कब्जा करने को गैरकानूनी बताते हुए ताला खोलने के लिए समझाइश की। पुलिस ने इस बारे में मुख्यमंत्री कार्यालय में बात करवाने का आश्वासन दिया तब जाकर संचालकों ने ताला खोला। पुलिस कुछ प्रतिनिधियों को लेकर चली गई और बाकी संचालक वहां धरने पर बैठ गए। शाम होते-होते अन्य स्कूल संचालक भी संकुल से चले गए थे।
खबरें और भी हैं...