जयपुर. दो साल के अंतराल में गुरुवार को दूसरी बार कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार हुआ। टीम में प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट की पसंद के 43 नए पदाधिकारी शामिल हुए। इन्हें मिलाकर कार्यकारिणी में 194 पदाधिकारी हो गए।
इसे पार्टी की अब तक की सबसे बड़ी कार्यकारिणियों में माना जा रहा है। कांग्रेस ने सपोटरा से विधायक रमेश मीणा को विधानसभा में प्रतिपक्ष का उपनेता नियुक्त किया है। विधायक विश्वेंद्र सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं, पहले उपाध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रहे गोपाल सिंह ईडवा और पूर्व मंत्री मास्टर भंवर लाल मेघवाल को प्रमोट कर वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है। जयपुर की मेयर रही ज्योति खंडेलवाल को महासचिव का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं, पूर्व विधायक एवं कांग्रेस प्रवक्ता प्रताप सिंह खाचरियावास को जयपुर शहर का जिम्मा दिया है।
कांग्रेस की प्रदेश मीडिया प्रभारी डा. अर्चना शर्मा ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की स्वीकृति के पश्चात एआईसीसी महासचिव एवं प्रभारी गुरुदास कामत ने प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी का विस्तार करने के साथ ही प्रदेश के 20 जिला कांग्रेस अध्यक्षों की घोषणा की है।
2 साल में दूसरी बार टीम पायलट में नए चेहरे शामिल
विधानसभा में करारी हार के बाद जनवरी, 2014 को प्रदेश कांग्रेस की कमान सचिन पायलट को सौंपी गई थी। पहली कार्यकारिणी के करीब एक साल बाद एवं निकाय चुनाव से ठीक पहले जुलाई, 2015 में पायलट की टीम में विस्तार कर 5 महासचिव एवं 15 सचिवों को शामिल किया गया था। इसमें सबसे अधिक चौंकाने वाला नाम कांग्रेस नेता परसराम मदेरणा की पुत्र वधू लीला मदेरणा का नाम था। लीला सहित पांच महिलाओं को महासचिव बनाया गया था।
सचिन को लेकर सब संशय खत्म
कार्यकारिणी में सचिन की पसंद के लोग आए हैं, इससे उन चर्चाओं पर विराम लग गया है, जिनमें कहा जा रहा था कि सचिन को दिल्ली बुलाकर महासचिव बनाया जा सकता है। प्रदेश में नया अध्यक्ष चुनने की चर्चाएं भी थम गई हैं।
आगे की स्लाइड में पढ़िए खाचरियावास जयपुर शहर, राजेंद्र देहात के अध्यक्षविश्वेंद्र वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ज्योति खंडेलवाल महासचिव...